क्रिकेट

कोलकाता नाइट राइडर्स को लगा करारा झटका, आईपीएल 2026 से बाहर हुआ धाकड़ गेंदबाज

कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले करारा झटका लगा है। टीम का धाकड़ तेज गेंदबाज चोट की वजह से पूरे सीजन के लिए टीम से बाहर हो गया है।

Image

हर्षित राणा और रिंकू सिंह(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

कोलकाता: तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैच के दौरान लगी चोट के कारण शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए बड़ा झटका है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप अभ्यास मैच के दौरान इस तेज गेंदबाज के दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। इसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई और उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन के लिए जाना पड़ा।

हर्षित राणा की खलेगी कमी

केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने कहा,'यह बड़ा झटका है क्योंकि हर्षित राणा पिछले कुछ सत्र से टीम के अभिन्न अंग रहे हैं। इनमें वह सत्र भी शामिल है जिसमें टीम चैंपियन बनी थी। पिछले एक साल में उन्होंने एक क्रिकेटर के रूप में काफी तरक्की की है। हमें हर्षित राणा की कमी खलेगी। उनकी जगह भरना आसान नहीं है।' नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वारियर और केएम आसिफ कुछ ऐसे तेज गेंदबाज हैं जिन्हें इस सप्ताह ईडन गार्डन्स में अभ्यास करते हुए देखा गया।

राणा के विकल्प की टीम कर रही है तलाश

आसिफ और वारियर को बुधवार को ईडन गार्डन्स में केकेआर के पहले अभ्यास सत्र के दौरान ट्रायल के लिए बुलाया गया था, जबकि सिमरजीत ने इससे पहले मुंबई में ट्रायल के पहले चरण के दौरान प्रभावित किया था। गुरुवार को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज रहे मधवाल और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व तेज गेंदबाज सैनी ने सिमरजीत के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया। नायर ने कहा,'पिछले कुछ दिनों में हमने कई गेंदबाजों को परखा है कि कौन इस भूमिका में फिट बैठता है और कौन अपनी पूरी क्षमता से यह काम कर सकता है। उम्मीद है कि हम कुछ दिनों में फैसला ले लेंगे।'नायर ने कहा कि वे बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से चिकित्सा संबंधी अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, जहां राणा इस समय रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा,'अभी हर्षित बीसीसीआई की देखरेख में हैं। इसलिए जैसे ही मेडिकल टीम हमसे संपर्क करेगी, हम आपको सूचित कर देंगे।'

पथिराना की चोट ने गड़बड़ा दिए हैं केकेआर के समीकरण

श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की चोट ने भी नए सत्र से पहले केकेआर की रणनीति को गड़बड़ा दिया है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बाद में एक विज्ञप्ति में कहा,'मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2026 में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने का आग्रह किया है लेकिन अभी तक उनका फिटनेस परीक्षण नहीं हुआ है। वह रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं और इसके बाद ही उनका फिटनेस परीक्षण किया जाएगा।'

मुंबई के खिलाफ केकेआर करेगा अपने अभियान की शुरुआत

आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है और केकेआर अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह दो अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। केकेआर के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे हैं लेकिन टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे का मानना है कि टी20 विश्व कप के बाद मिला ब्रेक इस स्पिनर के लिए मददगार साबित होगा। रहाणे ने कहा,'मुझे वरुण की गेंदबाजी में कोई कमी नजर नहीं आती। टी20 विश्व कप में विपक्षी बल्लेबाजों ने वरुण चक्रवर्ती का बहुत अच्छी तरह से सामना किया। मुझे लगता है कि यह 10 दिन का ब्रेक उनके लिए काफी मददगार साबित होगा।' चक्रवर्ती ने विश्व कप में 14 विकेट लिए लेकिन उन्होंने प्रति ओवर 9.25 रन दिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article