क्रिकेट

IND W vs ENG W: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, टूट गया मिताली राज का महारिकॉर्ड

Harmanpreet Kaur Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भले ही इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पाचवें टी20 मैच में केवल 15 रन बना पाई हो लेकिन उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज करवा लिया है।

Image

हरमनप्रीत कौर (फोटो- ICC)

Harmanpreet Kaur Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीतकर इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने पांच मैचों की इस रोमांचक श्रृंखला को 3-2 से अपने नाम किया, भले ही अंतिम मुकाबले में टीम को एजबेस्टन (बर्मिंघम) में हार का सामना करना पड़ा। ये मैच टीम की कप्तान हरमनप्रीत के लिए खास रहा और उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

हरमनप्रीत बनीं भारत की सबसे ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी

हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर अंतिम मैच में सिर्फ 15 रन ही बना सकीं, लेकिन उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। यह उनका 182वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था और इसके साथ ही उन्होंने कुल 334 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।इस आंकड़े के साथ उन्होंने मिताली राज के 333 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो अब तक भारत की सबसे अनुभवी महिला खिलाड़ी मानी जाती थीं।

भारत की ओर से सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी:

  • हरमनप्रीत कौर - 334 मैच
  • मिताली राज - 333 मैच
  • झूलन गोस्वामी- 284 मैच
  • स्मृति मंधाना - 261 मैच
  • दीप्ति शर्मा - 239 मैच

दुनिया की तीसरी सबसे अनुभवी महिला क्रिकेटर बनीं हरमनप्रीत

हरमनप्रीत कौर अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ऊपर केवल न्यूज़ीलैंड की सुज़ी बेट्स (346 मैच) और ऑस्ट्रेलिया की एलिसे पेरी (337 मैच) हैं।36 वर्षीय हरमनप्रीत के नाम 8 शतक और 85 अर्द्धशतक दर्ज हैं। उन्होंने 171 रन की पारी भी खेली है, जो महिलाओं के वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है।

एजबेस्टन में भारत को आखिरी गेंद पर हार

पांचवें और अंतिम टी20I में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 167/7 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 75 रनों की पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने आखिरी गेंद पर मुकाबला जीत लिया और पांच विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इंग्लैंड की ओर से डैनी वायट-हॉज ने 56 रन बनाए, जबकि सोफिया डंकले (46) और कप्तान टैमी ब्यूमोंट (30) ने अहम योगदान दिया।

श्रृंखला भारत के नाम: 3-2 की जीत के साथ इतिहास रचा

भले ही अंतिम मुकाबला इंग्लैंड के पक्ष में गया, लेकिन भारत ने श्रृंखला 3-2 से जीत ली, जो इंग्लैंड की धरती पर भारत की पहली महिला टी20I श्रृंखला जीत है। यह हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए नई ऊंचाईयों का प्रतीक भी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article