क्रिकेट

IND vs NZ 2nd T20: 100 रन चेज करने में छूटे टीम इंडिया के पसीने, हार्दिक पांड्या के निशाने पर आई लखनऊ की पिच

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 30, 2023, 07:00 AM IST

न्यूजीलैंड के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लो स्कोरिंग मैच में करीबी जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया के कप्तान हार्दिक पांड्या ने पिच पर सवाल उठाए हैं और इसके व्यवहार को चौंकाने वाला बताते हुए अच्छी पिच बनाने की वकालत की है।

Image

हार्दिक पांड्या(साभार AP)

लखनऊ: रांची में न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 रन के अंतर से हार का सामना करने के बाद लखनऊ में करो या मरो के मुकाबले में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम इंडिया 6 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज में वापसी करने में सफल रही। पहले गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शानदार गेंदबाजी की और मेहमान टीम को गेंदबाजी के लिए मुफीद पिच पर 20 ओवर में 8 विकेट पर महज 99 रन बनाने दिए। इसके बाद जीत के लिए मिले 100 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल करने में भारतीय टीम को पसीने छूट गए। एक गेंद शेष रहते भारतीय टीम को जीत मिली और सीरीज 1-1 से बराबर हो गई।

स्पिनर्स के दबदबे वाले मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने 6 विकेट के अंतर से एक गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने के बाद कहा, हमें शुरुआत से ही भरोसा था कि मैच हम ही जीतेंगे। हालांकि मैच बेहद करीबी हो गया, जीत देर से मिली लेकिन जो भी है वो ये है। मैं बाहर से ये कह रहा था कि जो लोग बीच मैदान में है वो शांत रहे, क्योंकि इस तरह के मुकाबलों एक-एक पल जरूरी होता है और सबसे ज्यादा अहम होता है ना घबराना।'हार्दिक ने जीत के लिए टीम की रणनीति का खुलासा करते हुए कहा, हमने जोखिम उठाने से बेहतर स्ट्राइक रोटेट करना समझा।

चौंकाने वाली पिच

पिच के बारे में चर्चा करते हुए टीम इंडिया के कप्तान ने कहा, ये पिच चौंकाने वाली है। हमें अच्छी पिच बनाना सुनिश्चित करना होगा। 120 रन के आसपास भी इस मैदान पर मैच जिताऊ हैं।

गेंदबाजी के दौरान ये था प्लान

पहले गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम को 99 रन पर रोकने के बारे में हार्दिक ने कहा, हम अपनी योजनाओं पर टिके रहे। हमने ये सुनिश्चित किया कि वो स्ट्राइक रोटेट ना कर पाएं, इसके बाद लगातार विकेट गिरते गए।

नहीं दिखा ओस का ज्यादा असर

लखनऊ में ओस के मैच पर असर के बारे में टीम इंडिया के कप्तान ने कहा, इस मैदान पर ओस का ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। उन्हें इस पिच पर हमसे ज्यादा गेंद को स्पिन कराया। ये एक हैरान करने वाली पिच है। तेज गेंदबाजों की गेंद भी यहां शुरुआत में स्विंग हो रही थी।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article