Team India Win against Pakistan: भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 फाइनल में चोटिल होने के कारण मैदान पर नहीं उतर पाए। इस कारण वे काफी निराश दिखे। हालांकि, टीम इंडिया ने 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में मुकाबला जीत लिया। पंड्या ने कहा कि इस तरह की जीत टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत बनाएगी।
टीम की जज्बे और धैर्य की तारीफ
बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में हार्दिक ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण मैच नहीं खेल पाने से मैं बहुत दुखी था, लेकिन खिलाड़ियों ने इसे शानदार तरीके से खेला। उन्होंने बहुत मजबूत जज्बा दिखाया। ऐसे मैच लंबी दौड़ में हमारी मदद करेंगे। दबाव की परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना कमाल की बात है।”
टीम की तेजी से ढलने की क्षमता
पंड्या ने कहा कि यह भारतीय टीम तेजी से हर तरह की परिस्थितियों में ढलना सीख रही है। उन्होंने जोड़ा, “टी20 क्रिकेट इसी बारे में है। मैदान में उतरते ही हावी हो जाओ। बेखौफ होकर खेलते हुए सीखना जारी रखो। मुझे लगता है कि यह टीम ऐसा ही कर रही है।”
अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी की सराहना
बड़ौदा के इस ऑलराउंडर ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “शीर्ष क्रम पर अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया। उसकी आक्रामक और बेखौफ बल्लेबाजी से आधा मैच हम पावर प्ले में ही जीत जाते थे।”
एशिया कप में व्यक्तिगत प्रदर्शन फीका
एशिया कप में हार्दिक का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने छह मैचों में केवल चार विकेट हासिल किए और उनकी इकोनॉमी दर 8.57 रही। इसके बावजूद उन्होंने इसे सकारात्मक तरीके से लिया और कहा कि उन्हें जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद संभालने का मौका मिला, जिसका उन्होंने भरपूर आनंद लिया।
गेंदबाजी बनी प्राथमिकता
हार्दिक ने आगे कहा, “मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलती है, उसे निभाने में मजा आता है। इस बार मुझे नई गेंद सौंपी गई, जिसका मैंने वास्तव में लुत्फ उठाया। बल्लेबाजी से मैं हमेशा योगदान देता रहा हूं, लेकिन गेंदबाजी लंबे समय से मेरी शीर्ष प्राथमिकता रही है।”
तेज गेंदबाज होने पर गर्व
पंड्या ने खुद को तेज गेंदबाज बताते हुए कहा, “अगर मैं अच्छी गेंदबाजी करता हूं तो बल्लेबाजी में कभी समस्या नहीं होती। मैं खुद को तेज गेंदबाज मानता हूं और मुझे इस पर बहुत गर्व है। इसमें बहुत मेहनत और अनुशासन चाहिए होता है और मैं इसका पूरा आनंद लेता हूं।”
