क्रिकेट

Gujarat Titans IPL Journey: कई रिकॉर्ड्स को समेटे कैसी रही है 2 साल पुरानी गुजरात टाइटंस की आईपीएल जर्नी

Gujarat Titans IPL Journey: गुजरात टाइटंस अपना तीसरा सीजन खेलने वाली है। हमेशा की तरह इस बार भी टीम आईपीएल जीतने की प्रबल दावेदार है। गुजरात ने 2 साल में वो सब हासिल किया है जो बड़ी बड़ी टीम 16 साल में नहीं कर पाई है।

Image

गुजरात टाइटंस का आईपीएल सफर (साभार-TNN)

Gujarat Titans IPL Journey: फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट में चैंपियन बनना आसान नहीं है, लेकिन गुजरात टाइटंस की टीम ने केवल 2 साल में ही वो कर दिखाया जो बड़ी-बड़ी टीम आईपीएल के 16 साल के इतिहास में नहीं कर पाई। गुजरात की उपलब्धि का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह इस लीग की केवल दूसरी टीम है जिसने अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस बार यह टीम नए और युवा कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में उतरेगी। अब तक खेले गए दो सीजन में टीम दोनों ही बार फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही है। यही कारण है कि साल 2024 में भी इस टीम की गिनती प्रबल दावेदारों में की जा रही है।

गुजरात टाइटंस के बनने की कहानी

गुजरात टाइंटस की खोज साल 2021 में की गई। इससे पहले बीसीसीआई जब दो नई टीमों की तलाश में थी तो उसने अगस्त 2021 में एक इनविटेशन टेंडर जारी किया। आईपीएल की लोकप्रियता को देखते हुए 20 कंपनियों ने इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। लेकिन टेंडर प्रोसेस पूरा होते-होते केवल 6 कंपनी ही सीरियस बीडर के तौर पर बची। बीसीसीआई ने प्रत्येक फ्रेंचाइजी के लिए तीन कंपनियों को बीडिंग की अनुमति दी। आखिरकार ब्रिटेन की कंपनी सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स ने 5,625 करोड़ रुपये की बोली लगाकार अहमदाबाद फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस का हाथ थामा।

NEHRA AND HARDIK

नेहरा और हार्दिक (साभार-ipl )

नई चुनौती, नया कप्तान

2022 मेगा ऑक्शन में इस टीम ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाकर सबको चौंका दिया। हार्दिक ने इससे पहले कभी कप्तानी नहीं की थी। इसके बावजूद फ्रेंचाइजीने बड़ा दांव लगाया। हार्दिक के अलावा शुभमन गिल और राशिद खान को टीम ने स्क्वॉड में शामिल किया।

फ्रेंचाइजी को मिला नेहरा जी का दिमाग

गुजरात ने भारत के पूर्व गेंदबाज आशीष नेहरा को अपना कोच चुना। इसके बाद नेहरा जी के नाम से मशहूर आशीष ने ऑक्शन में एक सॉलिड टीम बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। इस टीम में जेसन रॉय, डेविड मिलर जैसे विस्फोटक टी20 बैटर थे तो मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज जिन्हें इस लीग का अच्छा-खासा अनुभव था। इसके अलावा स्क्वॉड में डॉमनिक ड्रेक्स, अल्जारी जोसेफ, राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी को मौका मिला।

HARDIK PANDYA

हार्दिक पांड्या (साभार-ipl)

IPL में गुजरात की धमाकेदार एंट्री

गुजरात को अपना पहला मुकाबला, दूसरी नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना था। टीम ने धमाकेदार जीत के साथ अपने आईपीएल सफर का आगाज किया। इतना ही नहीं गुजरात ने लगातार 3 मुकाबला जीतकर बाकी टीमों को दिखा दिया कि वह यहां ट्रॉफी जीतने आई है। गुजरात ने इस सीजन 14 मुकाबले खेले और 10 मुकाबला जीतकर टेबल टॉपर के तौर पर लीग स्टेज खत्म किया। 14 अंकों के साथ गुजरात फाइनल में पहुंची।

फाइनल में राजस्थान से भिड़ंत

गुजरात को पहले फाइनल में राजस्थान रॉयल्स से सामना करना पड़ा। लो स्कोर वाले इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए जिसे गुजरात ने 9 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गुजरात ने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी उठाई और राजस्थान के बाद ऐसा करने वाली दूसरी टीम बनी।

गुजरात की जीत के 5 हीरो

गुजरात की इस जीत में 5 खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बल्लेबाजी में हार्दिक पांड्या, शुभमन गिल और डेविड मिलर ने क्रमश: 487, 483 और 481 रन बनाए। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और राशिद खान ने क्रमश: 20 और 19 विकेट चटकाए।

SHUBMAN GILL

शुभमन गिल (साभार-ipl)

गुजरात का दूसरा आईपीएल सीजन

पहला सीजन जीतने के बाद दूसरे सीजन में टीम से उम्मीदें बढ़ गई थी। गुजरात इस उम्मीद पर बिल्कुल खरा उतरा। टीम ने इस सीजन भी 14 में से 10 मुकाबला जीतकर क्वालीफाई किया। लेकिन इस बार फाइनल में वह अपने मेंटॉर सरीखे धोनी के सामने थे। धोनी की टीम ने आखिरी गेंद पर पटखनी देकर गुजरात की लगातार दूसरे ट्रॉफी जीतने की मंसूबों पर पानी फेर दिया।

गुजरात की दूसरे सीजन के हीरो

इस सीजन शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला। गिल ने 17 मैच में 59 की औसत से 890 रन बनाए। गिल ने इस सीजन 4 शतक जड़ दिए। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी के लिए यह ड्रीम सीजन साबित हुआ और उन्होंने 17 मैच में 28 विकेट झटके। इतना ही नहीं लीडिंग विकेटटेकर की लिस्ट में टॉप थ्री में गुजरात के गेंदबाजों का कब्जा था। शमी के अलावा मोहित शर्मा और राशिद खान ने 27-27 विकेट चटकाए।

GUJARAT TITANS IPL MATCH.

गुजरात टाइटंस (साभार-TNN)

दो सीजन में गुजरात का प्रदर्शन

दो साल में गुजरात टाइटंस ने कुल 31 मैच खेले जिसमें से 22 मैच में उसे जीत हासिल हुई, जबकि 9 मैच में उसे हार मिली। साल 2022 में टीम ने फाइनल सहित कुल 16 मैच खेले और 12 में जीत दर्ज की। साल 2023 में टीम 17 मैच खेली और 11 मैच में उसे जीत हासिल हुई। 6 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा।
GUJARAT TITANS RECORD AGIANST DIFFERENT TEAM.

गुजरात का अलग-अलग टीम के खिलाफ रिकॉर्ड (साभार-TNN)

अलग-अलग टीम के खिलाफ गुजरात का प्रदर्शन

आईपीएल के 2 साल के अपने छोटे इतिहास में गुजरात ने कुल 31 मैच खेले हैं। उन्होंने इस सफर में हर बड़ी टीम को हराया है। गुजरात का सबसे अच्छा रिकॉर्ड लखनऊ के खिलाफ रहा है। लखनऊ के खिलाफ गुजरात अब तक अविजीत रही है और उसने 4 में से 4 मुकाबला जीता है। आईपीएल की दो सबसे सफल टीम के खिलाफ भी गुजरात का प्रदर्शन अच्छा रहा है। गुजरात ने चेन्नई के खिलाफ 5 में से 3 और मुंबई के खिलाफ 4 में से 2 मुकाबला जीता है।
End of Article