गुजरात टाइटंस के लिए दो शानदार सीजन देने के बाद हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस में घर वापसी कर ली। मुंबई में आने के साथ ही उन तमाम अटकलों पर लगाम भी लग गई, जिसमें हार्दिक के भविष्य को लेकर गुजरात और मुंबई इंडियंस के बीच खींचतान चल रही थी। हार्दिक ने बतौर कप्तान गुजरात को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया और फिर 2023 में टीम उप-विजेता रही।
टीम के डायरेक्टर ने दी प्रतिक्रिया
हार्दिक के मुंबई इंडियंस में शामिल होने के बाद टीम के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि मुंबई इंडियंस में वापस जाने का निर्णय पूरी तरह से हार्दिक पांड्या का था और हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
उन्होंने आगे कहा 'गुजरात टाइटंस के पहले कप्तान के रूप में, हार्दिक पंड्या ने फ्रेंचाइजी को दो शानदार सीजन दिए, जिसके परिणामस्वरूप टीम एक बार आईपीएल चैंपियन बनी और एक बार फाइनल में पहुंची। उन्होंने अब अपनी पहली टीम मुंबई इंडियंस में वापसी की इच्छा जताई। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और उनको भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं'
मुंबई के साथ हार्दिक का प्रदर्शन
हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के साथ ही अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। 2015 में मुंबई ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा था। उसके बाद हार्दिक ने मुंबई के साथ 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनने में योगदान दिया। हार्दिक मुंबई के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते थे। वह बतौर मैच फिनिशर मुंबई की जान थे। उनके दोबारा मुंबई से जुड़ने पर टीम मजबूत हुई है।
