क्रिकेट

99 रन से हार मिली तो गुस्साए GT के कोच हेडन, कहा ये अस्वीकार है, जानिए क्या कुछ बोले

GT Coach Matthew Hayden Fumes On Loss: गुजरात और मुंबई के बीच हुए आईपीएल 2026 के मैच में मुंबई इंडियंस ने 99 रनों से बड़ी जीत दर्ज की जिससे गुजरात के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन बहुत नाराज हैं।

Image

मैथ्यू हेडन (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • गुजरात टाइटंस के बैटिंग कोच मैथ्यू हेडन
  • मुंबई से 99 रन की हार के बाद

गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हाथों मिली 99 रन की हार के लिए अपने खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसके लिए अपने बल्लेबाजों के ’भयावह प्रदर्शन’ और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने अंतिम चार ओवर में 73 रन बनाकर पांच विकेट पर 199 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात टाइटन्स की टीम 100 रन पर ढेर हो गई, जिसमें वाशिंगटन सुंदर के 26 रन सर्वोच्च स्कोर रहा।

हेडन ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, "मुझे उम्मीद थी कि हार का अंतर इससे काफी कम होगा। हमारे बल्लेबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया वह बिल्कुल अस्वीकार्य है।" ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, "आज का दिन हमारे लिए बेहद खराब रहा। ईमानदारी से कहूं तो कागिसो रबाडा के प्रदर्शन को छोड़कर आज का दिन कुछ भी अच्छा नहीं था। इसलिए हमें निश्चित रूप से काफी मेहनत करनी होगी।"

गुजरात टाइटन्स के पास साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर के रूप में शीर्ष क्रम में धाकड़ बल्लेबाज हैं जबकि उसने शाहरुख खान और राहुल तेवतिया के साथ मध्य क्रम में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को भी शामिल किया है। हेडन ने कहा, "जब आप हमारी बल्लेबाजी पर नजर डालते हैं, तो हमारे पास शानदार खिलाड़ी हैं जिन्हें अवसरों का लाभ उठाने के लिए बेहतर मानसिकता और बेहतर स्थिति में होना होगा। इस टूर्नामेंट में हमारी उनसे यही उम्मीदें हैं।"

उन्होंने कहा, "आप 20 ओवर के मैच में 100 रन (99) के अंतर से मिली हार पर खुश नहीं हो सकते। मेरा मतलब है कि मेरे ज़माने में तो 50 ओवर के क्रिकेट में 100 रन लगभग जीत के लिए पर्याप्त स्कोर हुआ करता था।" हेडन ने कहा, "आज हमारे मध्यक्रम की कमज़ोरी साफ़ तौर पर सामने आ गईं। मध्यक्रम के बल्लेबाज जब पहले छह ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो आप समझ जाते हैं कि आप मुश्किल में हैं। पावर प्ले में आप निश्चित रूप से मैच हार सकते हैं और हम पावर प्ले में ही हार गए।"

हेडन ने अंतिम ओवरों में गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन पर भी बात की जबकि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी (45 गेंदों पर नाबाद 101 रन) की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि किसी विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का एकतरफा विश्लेषण करना बहुत अनुचित है, लेकिन मैं यह नहीं भूल सकता कि आज गेंदबाजी में हमारा प्रदर्शन खराब रहा।"

हेडन ने कहा, "जब आप आखिरी चार ओवरों पर नजर डालते हैं, तो वह सचमुच एक ’भयानक दौर’ था। हमारे पास विश्व स्तरीय आक्रमण है और आखिरी चार ओवरों में 73 रन लुटाना अस्वीकार्य है। हमारे गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन पर विचार करना होगा।"

उन्होंने कहा, "इस पिच पर रन बनाना बहुत आसान नहीं था। इसलिए तिलक वर्मा को भी श्रेय जाता है, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। यह कोई घिसा-पिटा प्रदर्शन नहीं था। यह एक दमदार प्रदर्शन था। उन्होंने परिस्थितयों का बखूबी आकलन किया।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article