क्रिकेट

RCB W vs UPW W: 24 घंटे के अंदर WPL में दूसरी बार हुआ ऐसा, RCB की बैटर ने मचाई धूम

RCB W vs UPW W: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में 24 घंटे के अंदर एक शर्मनाम रिकॉर्ड को दोहराया गया। पांचवें मैच में आरसीबी की ग्रेस हैरिस ने डियांड्रा डॉटिन के ओवर में WPL के इतिहास में एक ओवर सबसे ज्यादा रन बटोरे। वहीं, पॉवरप्ले के अंदर ही उन्होंने 22 गेंद पर पचासा जड़ दिया। हैरिस ने 40 गेंद पर 85 रन की तूफानी पारी खेली।

grace harris

ग्रेस हैरिस ने WPL में मचाया तहलका- फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में मैच दर मैच कई बड़े कीर्तिमान बनते और ध्वस्त होते जा रहे हैं। रविवार, 11 जनवरी 2026 को गुजरात जायंट्स की सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन ने दिल्ली कैपिटल्स की स्नेह राणा के ओवर में 32 रन ठोके थे। अब 24 घंटे के अंदर ही दोबारा ऐसा हुआ। इस बार आरसीबी की ग्रेस हैरिस ने डियांड्रा डॉटिन के ओवर में 32 रन ठोक दिए।

वैसे तो इस बार लग रहा था कि स्नेह राणा का रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आखिरी गेंद पर डॉटिन ने कोई रन नहीं दिया और वह संयुक्त रूप से लीग के इतिहास का सबसे महंगा ओवर करने वाली पहली गेंदबाज बन गईं। यूपी वॉरियर्स की पूर्व खिलाड़ी ग्रेस हैरिस ने इस मैच में आरसीबी के लिए खेलते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और महज 22 गेंद पर ही अपना पचासा पूरा किया।

डियांड्रा डॉटिन की जमकर कुटाई

यूपी के लिए छठा ओवर डियांड्रा डॉटिन करने आईं। ओवर की शुरुआत नो बॉल से की और इस गेंद पर हैरिस ने चौका जड़ा। उसके बाद उन्होंने अगली गेंद पर छक्का लगाया, फिर चौका, फिर लगातार दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने फिर चौका जड़ दिया। इसके बाद डियांड्रा ने वाइड बॉल फेंकी और पांचवीं गेंद पर फिर से चौका लगा। आखिरी गेंद उन्होंने डॉट निकाली और इस तरह ओवर में 32 रन बने।

WPL इतिहास के सबसे महंगे ओवर

32 रन: डियांड्रा डॉटिन (यूपी वॉरियर्स) बनाम आरसीबी, नवी मुंबई 2026

32 रन: स्नेह राणा (दिल्ली कैपिटल्स) बनाम गुजरात जायंट्स, नवी मुंबई 2026

28 रन: दीप्ति शर्मा (यूपी वॉरियर्स) बनाम आरसीबी, लखनऊ 2025

27 रन: तनुजा कंवर (गुजरात जायंट्स) बनाम आरसीबी, ब्रेबोर्न (मुंबई) 2023

आरसीबी की लगातार दूसरी जीत

नवी मुंबई में खेले गए मैच में यूपी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाज करते हुए संघर्ष किया। 8.2 ओवर में 50 रन पर टीम के पांच विकेट गिर गए थे। यहां के अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 35 गेंद पर नाबाद 45 और डियांड्रा डॉटिन ने 37 गेंद पर नाबाद 40 रन की पारी खेलकर टीम को 143 तक पहुंचाया।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को ग्रेस हैरिस और कप्तान स्मृति मंधाना ने तूफानी शुरुआत दिलाई। पॉवरप्ले के 6 ओवर में आरसीबी ने 78 रन बिना कोई विकेट खोए बना दिए। देखते ही देखते 8 ओवर में टीम का स्कोर बिना किसी विकेट के 100 पार पहुंच गया था।

प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर

11.4 ओवर में टीम को ग्रेस हैरिस (85) के रूप में पहला झटका लगा। हालांकि, तब तक यूपी के लिए बहुत देर हो चुकी थी। ऋचा घोष ने विजयी चौका लगाया। कप्तान स्मृति मंधाना ने नाबाद 47 रन की पारी खेली। यह आरसीबी की लगातार दूसरी जीत है और वह प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर काबिज है।

    उमेश कुमार
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article