क्रिकेट

एशेज से पहले माइंड गेम शुरू, ऑस्ट्रेलिया दिग्गज ने कर दी भविष्यवाणी

भारत के खिलाफ सीरीज बराबरी पर फिनिश करने के बाद अब इंग्लैंड की नजर एशेज पर होगी। एशेज को लेकर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ने बड़ी भविष्यवाणी की है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस प्रतिष्ठिक सीरीज का आगाज 21 नवंबर से होने जा रहा है।

Image

ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड (साभार-X ICC)

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज श्रृंखला शुरू होने में अभी तीन महीने से अधिक का समय बाकी है लेकिन माइंड गेम अभी से शुरू हो चुका है। इस क्रम में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने एशेज सीरीज को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप करेगा। इंग्लैंड की टीम का भारत के खिलाफ हालिया प्रदर्शन जिस तरह का रहा है उसको देखते हुए निश्चिततौर पर ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी लग रहा है, लेकिन जो मैक्ग्रा कह रहे हैं वह कितना सही होगा यह तो वक्त ही बताएगा।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह प्रतिष्ठित श्रृंखला 21 नवंबर को पर्थ में शुरू होगी। मैकग्रा ने कहा कि उनकी भविष्यवाणी भारत के खिलाफ हाल में समाप्त हुई श्रृंखला में इंग्लैंड के प्रदर्शन पर आधारित है। भारत ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई इस श्रृंखला में इंग्लैंड को 2-2 से बराबरी पर रोका था।

मैकग्रा ने 'बीबीसी रेडियो' पर कहा, ‘‘मैं अमूमन भविष्यवाणी नहीं करता हूं लेकिन एशेज के लिए मेरी भविष्यवाणी है कि ऑस्ट्रेलिया इसमें 5-0 जीत हासिल करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। जब पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेज़लवुड और नाथन लियोन अपने घरेलू हालात में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो इंग्लैंड के लिए यह काफ़ी मुश्किल होने वाला है। इसके अलावा इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं है।’’ इंग्लैंड इस वर्ष के अंत में पांच मैचों की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा। उसने 2015 के बाद से एशेज नहीं जीती है।

इसके अलावा इंग्लैंड को 2002-03 के बाद से ऑस्ट्रेलिया में एक श्रृंखला को छोड़कर बाकी सभी श्रृंखलाओं में 0-5 या 0-4 से हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट मैच 2010-11 में जीता था। इंग्लैंड ने तब श्रृंखला 3-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया ने 2021-22 में जब इंग्लैंड का आखिरी दौरा किया था, तब 4-0 से जीत हासिल की थी। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपनी धरती पर जो पिछले 15 टेस्ट मैच खेले हैं उनमें से 11 में उसने जीत दर्ज की है। उसने इस बीच केवल दो मैच हारे जबकि दो अन्य मैच ड्रॉ समाप्त हुए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article