क्रिकेट

IND vs AUS: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए गौतम गंभीर ने की थी इस दिग्गज प्लेयर की मांग,लेकिन...

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में अनुभवी चेतेश्वर पुजारा को शामिल करने की मांग की थी लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी मांग को सिरे से खारिज कर दिया था।

Image

गौतम गंभीर

सिडनी: भारतीय क्रिकेट टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में पर्थ में अच्छी शुरुआत के बाद हाल बेहाल हो गया। सीरीज के चार टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और टीम इंडिया 1-2 के अंतर से पीछे चल रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम का लगातार तीसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलने का सपना तकरीबन टूट गया है। सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट बाकी है जो सिडनी में खेला जाना है। अगर भारतीय टीम इस मैच को जीत लेती है तो भी ऑस्ट्रेलिया में खिताबी जीत की हैट्रिक पूरी नहीं कर पाएगी।

चयनकर्ताओं ने नहीं पूरी की गंभीर का मांग

भारतीय गेंदबाज अपना काम बखूबी कर रहे हैं लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज लगातार टीम को निराश कर रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर अनुभवी चेतेश्वर पुजारा को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल करना चाहते थे। पुजारा के पास 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है लेकिन चयनकर्ताओं ने गंभीर की मांग को सिरे से खारिज कर दिया। पर्थ में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच के बाद भी गंभीर पुजारा को टीम में लाने के लिए चर्चा करते रहे लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।

जून 2023 में पुजारा ने खेला था आखिरी टेस्ट

पुजारा ने भारत के लिए आखिरी बार साल 2023 में इंग्लैंड को ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलते नजर आए थे। उसके बाद से वो टीम इंडिया के टेस्ट सेटअप से बाहर हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दो पारियों में 14 और 27 रन बना सके थे। भारत को मात देकर ऑस्ट्रेलिया ने खिताब अपने नाम किया था।

पिछले दो दौरों पर पुजारा बने थे टीम इंडिया के लिए दीवार

भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया में लगातार नाकाम हो रहे हैं। ऐसे में पुजारा जैसे प्लेयर की वाकई में टीम में कमी खर रही है। पुजारा का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने यहां खेले 11 टेस्ट मैच में 47.28 के औसत से 993 रन भी बनाए हैं। हो सकता है कि वो कुछ अंतर पैदा कर पाते। पुजारा साल 2018-19 की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 1258 गेंद का सीरीज के दौरान सामना करते हुे 521 रन बनाए थे। वो ऐतिहासिक सीरीज जीत में टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हुए थे। तीन साल बाद उन्होंने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में 928 गेंद में 271 रन बनाए थे। इस बार भी सीरीज जीत में उनकी भूमिका अहम थी। वो टीम के लिए कंगारू गेंदबाजों के सामने अभेद दीवार बनकर खड़े थे।

पुजारा की गैरमौजूदगी पर हेजलवुड ने जाहिर की थी खुशी

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सीरीज के आगाज से पहले चेतेश्वर पुजारा की जमकर तारीफ की थी और कहा था वो खुश हैं कि सौराष्ट्र का ये बल्लेबाज इस बार भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है। हेजलवुड ने कहा था, मुझे खुशी है कि चेतेश्वर पुजारा यहां नहीं है। वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो पिच पर लंबे समय तक टिके रहते हैं आपको उनका विकेट हासिल करने के लिए मेहनत करनी पड़ी है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरों में अच्छा प्रदर्शन किया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!