क्रिकेट

IND vs ENG: 'लोग आते जाते रहेंगे लेकिन..' ओवल टेस्ट में जीत के बाद कोच गंभीर ने दिया बड़ा बयान

Gautam Gambhir Motivates Team India: भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने ऐसी मजबूत टीम संस्कृति बनाने पर जोर दिया है जिसकी नींव कड़े परिश्रम और प्रदर्शन में सुधार पर टिकी हो और जो खिलाड़ियों को आकर्षित करे, खिलाड़ी भले ही आते जाते रहें ।

Image

गौतम गंभीर ने टीम इंडिया को दिया संदेश (फोटो- BCCI/AP)

Gautam Gambhir Motivates Team India: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 रोमांचक अंदाज़ में 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस अवसर पर ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए टीम के भविष्य की दिशा और संस्कृति को लेकर बेहद अहम बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को एक ऐसी मजबूत संस्कृति की ओर बढ़ना चाहिए, जो खिलाड़ियों के कड़े परिश्रम और सतत प्रदर्शन पर आधारित हो।

"2-2 एक बेहतरीन नतीजा है": गंभीर ने दी टीम को बधाई

बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में गौतम गंभीर ने कहा कि "जिस तरह से यह श्रृंखला खेली गई है, 2-2 एक बेहतरीन नतीजा है। सभी को बधाई।"गंभीर के मुताबिक, श्रृंखला में उतार-चढ़ाव के बावजूद टीम ने सामूहिक प्रयास से अच्छा प्रदर्शन किया और यह ड्रॉ नतीजा भारतीय टीम के जुझारूपन का प्रमाण है।

लक्ष्य – लगातार बेहतर होते रहना

अपने भाषण में गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए आगे कहा कि "हमें बेहतर होते रहना है। हम मेहनत करते रहेंगे। हम विभिन्न पहलुओं में अपने खेल में सुधार करेंगे क्योंकि ऐसा करके ही लंबे समय तक क्रिकेट में दबदबा बना सकेंगे।"उन्होंने खिलाड़ियों को यह भी याद दिलाया कि क्रिकेट में टिके रहने के लिए सुधार की कोई सीमा नहीं होती। केवल मेहनत और प्रतिबद्धता ही टीम को अगली ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।

लोग आते जाते रहेंगे लेकिन कल्चर बना रहना चाहिए- गंभीर

गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूम कल्चर पर विशेष ज़ोर देते हुए कहा कि "लोग आते जाते रहेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम का कल्चर ऐसा होना चाहिए कि लोग उसका हिस्सा बनना चाहें। हम यही बनाना चाहते हैं।"उन्होंने स्पष्ट किया कि एक स्थायी और प्रेरणादायक टीम संस्कृति ही किसी भी सफल टीम की असली पहचान होती है। यह संस्कृति खिलाड़ियों को जोड़ती है, उन्हें प्रेरित करती है और हर नए सदस्य को खुद को साबित करने का मंच देती है।

टीम में बदलाव की लहर, गिल ने संभाली कप्तानी

भारत इस समय टेस्ट क्रिकेट में बदलाव के दौर से गुजर रहा है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखलाओं में मिली हार के बाद कई बदलाव हुए। इस बार इंग्लैंड दौरे पर भारत की कप्तानी युवा शुभमन गिल ने संभाली।गंभीर ने कप्तान गिल की सराहना करते हुए कहा कि "शुभकामनाएं। पूरा मज़ा लो। कुछ दिन का ब्रेक ले सकते हो क्योंकि आप इसके हकदार हो। आपने जो हासिल किया है, आप इसके हकदार हैं।"गिल की कप्तानी में भारत ने पिछली असफलताओं को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शानदार वापसी की।

वॉशिंगटन सुंदर को मिला 'इंपैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़' का पुरस्कार

श्रृंखला के अंत में हरफनमौला खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर को 'इंपैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़' चुना गया। यह पुरस्कार उन्हें सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के हाथों दिया गया।पुरस्कार लेते समय सुंदर ने कहा कि"इंग्लैंड में चार मैच खेलकर अच्छा लगा। मैं हमेशा यहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था। एक टीम के रूप में हमने हर दिन यही सोचकर खेला। जो ऊर्जा थी, खासकर फील्डिंग में, हम हमेशा एक-दूसरे के लिये खड़े थे।"सुंदर ने सीरीज़ में बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया और टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article