विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल की 4 टीमों का नाम तय, जानें किसका किससे होगा सामना?
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 13, 2026, 08:44 PM IST
विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिल्ली को हराकर विदर्भ ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 183 रन से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। कर्नाटक और सौराष्ट्र ने पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी।
पंजाब ने सेमीफाइनल में बनाई जगह। फोटो- पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले समाप्त हो गए हैं। सेमीफाइनल खेलने वाली चारों टीमों का नाम तय हो गया है। 12 जनवरी, 2026 को कर्नाटक और सौराष्ट्र ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं, 13 जनवरी को दो अन्य टीमों ने अपने-अपने विपक्षी टीम को हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई।
पिछले सत्र के उपविजेता विदर्भ ने अनुशासित और ऑलराउंड खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 76 रन से हराकर मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 300 रन का चुनौती पूर्ण स्कोर बनाया। उसकी तरफ से यश राठौड़ ने 86 और सलामी बल्लेबाज अथर्व तायडे ने 62 रन का योगदान दिया।
इसके जवाब में दिल्ली की टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर आउट हो गई। उसे कप्तान ऋषभ पंत और उप कप्तान आयुष बडोनी की कमी खली। पंत चोटिल है जबकि बडोनी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है।
पंजाब ने मध्य प्रदेश को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पंजाब ने मध्य प्रदेश को 183 रन से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पंजाब ने कप्तान प्रभसिमरन सिंह के 86 गेंद में 88 रन, अनमोलप्रीत सिंह के 62 गेंद में 70, नेहाल वढेरा के 38 गेंद में 56 और हरनूर सिंह के 71 गेंद में 51 रन की मदद से छह विकेट पर 345 रन बनाये।
रमनदीप सिंह ने 15 गेंद में 24 रन बनाये। मध्यप्रदेश के लिये त्रिपुरेश सिंह और कप्तान वेंकटेश अय्यर ने दो-दो विकेट लिये। इसके जवाब में मध्य प्रदेश की टीम 31 . 2 ओवर में 162 रन पर आउट हो गई। मध्यप्रदेश की शुरूआत खराब रही। 17वें ओवर में उसके पांच विकेट 66 रन पर गिर गए थे। रजत पाटीदार 40 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए तब स्कोर सात विकेट पर 132 रन था। पंजाब के लिए सनवीर सिंह ने छह ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिये।
किसका किससे होगा सामना
विदर्भ सेमीफाइनल में कर्नाटक का सामना करेगा। पिछले सत्र में इन दोनों टीमों के बीच फाइनल खेला गया था। सौराष्ट्र शुक्रवार को होने वाले एक अन्य सेमीफाइनल में पंजाब का सामना करेगा। कर्नाटक ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई को शिकस्त दी थी, जबकि सौराष्ट्र ने यूपी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।