आईपीएल 2023 में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले रिंकू सिंह को आखिरकार आयरलैंड के खिलाफ पहले T20I मुकाबले में डेब्यू कैप मिल गई। उन्हें इस दौरे पर टीम की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने कैप सौंपी। हालांकि, बारिश से बाधित इस मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला और फैंस का इंतजार फिलहाल एक मैच के लिए और बढ़ गया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भले ही एक भी गेंद न खेली हो, लेकिन पहले घरेलू क्रिकेट में और फिर आईपीएल में अपने प्रदर्शन से उन्होंने फैंस के साथ-साथ पूर्व क्रिकेटरों की दिलों में एक खास जगह जरूर बना ली है। यही कारण है कि टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज किरण मोरे को इस खिलाड़ी से खासी उम्मीद है।
मोरे के अगले धोनी या युवराज हैं रिंकू
जियो सिनेमा पर बातचीत के दौरान उन्होंने रिंकू सिंह को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा 'रिंकू सिंह नंबर 5 या 6 पर खेलने के लिए सबसे परफेक्ट खिलाड़ी हैं। उनमें वह पोटेंशियल दिखता है कि वह आने वाले समय में फिनिशर का काम कर सकते हैं, जो कभी एमएस धोनी और युवराज सिंह किया करते थे।'
उन्होंने आगे कहा 'हम सब ने इस पोजिशन पर एमएस धोनी और युवराज को खेलते देखा है। टीम इंडिया ने इस नंबर पर कई खिलाड़ियों को आजमाया, लेकिन वह प्रभावी नहीं रहा। अब इस पोजिशन पर तिलक हैं जो अच्छा कर रहे हैं। इसके अलावा रिंकू सिंह भी इस नंबर पर बेहतरीन काम कर सकते हैं। मैंने उन्हें घरेलू क्रिकेट में ऐसा करते देखा है।
मुश्किल है डगर रिंकू की
फिलहाल रिंकू को टीम इंडिया की डेब्यू कैप तो मिल गई है, लेकिन वर्तमान में टीम इंडिया में एक पोजिशन को लेकर कई दावेदार हैं, ऐसे में उन्हें आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के फॉर्म को बरकरार रखना होगा, नहीं तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की यह डगर उनके लिए मुश्किल खड़ा कर सकती है। उम्मीद है आयरलैंड सीरीज के बाकी बचे दो मैच में वह बल्ले से अपनी चमक बिखेर पाएंगे।
