क्रिकेट

भारत के महान पूर्व गेंदबाज जहीर खान कनाडा सुपर 60 की टीम वैंकूवर एंकर्स के सह-मालिक बने

Zaheer Khan, Canada Super-60: टीम इंडिया के बाएं हाथ के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान अब एक नई पारी शुरू कर रहे हैं। वो कनाडा सुपर 60 (Canada Super 60) की पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी वैंकूवर एंकर्स के स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं।

Image

जहीर खान (Instagram/Zaheer_Khan34)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) कनाडा सुपर 60 (Canada Super 60) की पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी वैंकूवर एंकर्स के स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं। गौरतलब है कि, भारतीय क्रिके टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) कनाडा सुपर 60 के सह मालिक हैं। जहीर, नागेंद्र ’नागा’ सिद्दौतम और स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी के साथ स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं।

इस तरह से जहीर और युवराज फिर से एक दूसरे से जुड़ गए हैं। यह दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम में लंबे समय तक एक साथ खेले जिसमें भारत की 2011 में वनडे विश्व कप में जीत भी शामिल है। एंकर्स वैंकूवर के बीसी प्लेस में अपने घरेलू मैच खेलेगी।

जहीर ने विज्ञप्ति में कहा, "कनाडा सुपर 60 एक प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है जिसका आयोजन एक ऐसे शहर में किया जाता है जिसकी अपनी अलग पहचान है। यह जानते हुए कि मेरे दोस्त और लंबे समय तक टीम के साथी रहे युवराज लीग के स्वामित्व का हिस्सा हैं, मुझे इस टूर्नामेंट पर पूरा भरोसा है।"

उन्होंने कहा, "पूर्व खिलाड़ी होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम ऐसी विश्वसनीय लीग का समर्थन करें जो आईसीसी के एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों और महिला क्रिकेटरों के लिए वास्तविक अवसर पैदा करे। मैं वैंकूवर में आने और अपने दोस्त युवी (युवराज) के साथ इस नए टूर्नामेंट से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।"

कनाडा सुपर 60 के सह-मालिक व पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा, "ज़ैक (जहीर) और मैंने अपने करियर के कुछ सबसे अच्छे पल साथ में बिताए हैं और इस नए टूर्नामेंट के लिए फिर से जुड़ना खास है।" कनाडा सुपर 60 का दूसरा सत्र 29 सितंबर से चार अक्टूबर तक वैंकूवर के बीसी प्लेस में खेला जाएगा। इसमें छह फ्रेंचाइजी भाग लेंगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article