क्रिकेट

EXPLAINED: बदलाव के दौर में भी क्यों है टीम इंडिया को रोहित शर्मा और विराट कोहली की जरूरत?

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की वनडे और टी20 टीम के ऐलान के बाद टीम में शामिल किए रोहित शर्मा और विराट कोहली के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भविष्य को लेकर बहस शुरू हो गई। आइए जानते हैं रोहित और विराट की जोड़ी की क्यों है टीम इंडिया को साल 2027 के विश्व कप से पहले जरूरत?

Image

रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो क्रेडिट BCCI X)

India vs Australia ODI and T20 Series: अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमिटी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे और टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। चयन समिति ने अप्रत्याशित रूप से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए टीम की कमान रोहित शर्मा से छीनकर शुभमन गिल के हाथ में सौंप दी साथ ही श्रेयस अय्यर को नया उपकप्तान घोषित कर दिया। बदलाव के दौर में भी रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम में जगह हासिल करने में सफल रहे। टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाने के बाद माना जा रहा था कि रोहित ऑस्ट्रेलिया दौरे के वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

जबतक चलेगा बल्ला, तबतक खुले रहेंगे दरवाजे

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम के ऐलान के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा, विराट और रोहित ने साल 2027 के वनडे विश्व कप में खेलने के लिए प्रतिबद्धता जाहिर नहीं की है। विश्व कप अभी बहुत दूर है। दोनों खिलाड़ी उसमें खेलेंगे या नहीं इस पर अभी चर्चा करना ठीक नहीं है। दोनों का विश्व कप में खेलना उनके प्रदर्शन पर निर्भर करता है। हालांकि, दोनों के लिए टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। जब तक बल्ला चलेगा तब तक टीम के दरवाजे दोनों के लिए खुले रहेंगे। दोनों ने टीम में शामिल होने के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हम हमेशा चुने गए नामों को सेंटर ऑफ एक्सिलेंस भेजते हैं और उनकी फिटनेस की पुष्टि करते हैं।

रोहित और विराट के बल्ले में बची है जान

टीम इंडिया बदलाव के दौर से गुजर रही है युवा खिलाड़ियों की टीम में भरमार है। पुराने खिलाड़ी संन्यास ले रहे हैं या युवा खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़कर टीम से अपनी जगह गंवा रहे हैं। हालांकि, विराट और रोहित के साथ फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं बनी हैं। टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके दोनों खिलाड़ियों के पास वनडे क्रिकेट का अपार अनुभव है, दोनो इस फॉर्मेट के विशेषज्ञ माने जाते हैं। दोनों के अंदर आज भी अकेले दम मैच जिताने की क्षमता है। दोनों के बल्ले में बहुत जान बची है यह साबित करने के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का प्रदर्शन काफी है। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-4 बल्लेबाजों में विराट और रोहित शामिल थे। श्रेयस अय्यर ने टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा 243 रन बनाए थे। उनके बाद विराट कोहली(218), शुभमन गिल (186) और रोहित शर्मा (180) थे। विराट रोहित के आसपास जो खिलाड़ी थे वो टीम के नए कप्तान और उपकप्तान बने हैं। इस लिहाज से दोनों का प्रदर्शन टीम में बने रहने के लिए पर्याप्त है।

दोनों के पास है मुश्किल में जीत दिलाने का हुनर

किंग ऑफ चेज के नाम से विख्यात विराट और हिटमैन के नाम से लोकप्रिय रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट इतिहास के सर्वकालिक महान बल्लेबाज हैं। दोनों मैच विनर खिलाड़ी हैं दोनों के पास टीम को मुश्किल हालात में जीत दिलाने का हुनर है। जिसकी जरूरत टीम इंडिया को निश्चित तौर पर 2027 का वनडे विश्व कप खिताब जीतने के लिए पड़ेगी। अनुभव अर्जित करना पड़ता है वो बाजार में नहीं मिलता। ऐसे में उनकी जगह टीम में ले पाना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए लोहे के चने चबाने जैसा है। इसके लिए उन्हें अविश्वनीय प्रदर्शन करना होगा। फिटनेस विराट के लिए कोई मसला नहीं है वो हमेशा से इस कसौटी पर खरे उतरे हैं लेकिन यह रोहित के रास्ते का रोड़ा बन सकती है। इस बात को भांपकर उन्होंने हाल ही में अपना वजन कम किया है ताकि अपनी फिटनेस बेहतर करें और लंबे समय तक खेल सकें। विराट अगले महीने 37 साल के हो जाएगे और रोहित 38 के हो चुके हैं। उम्र के चालीसवें पड़ाव के आसपास ही दोनों विश्व कप में खेलते दिख सकते हैं। लेकिन इसके लिए दोनोंको फिटनेस की अग्निपरीक्षा पास करनी होगी।

वनडे क्रिकेट के लिए संजीवनी हैं रोहित-विराट

विराट और रोहित की फैन फॉलोइंग पूरी दुनिया में है। मैदान पर प्रशंसकों को खींचने की दोनों के अंदर अपार शक्ति है। टेस्ट और टी20 के बीच वनडे की खो रही लोकप्रियता और वजूद को बचाए रखने का माद्दा इन दोनों खिलाड़ियों में हैं। दोनों ने वनडे क्रिकेट इतिहास में वो कारनामे कर दिखाए हैं जो दुनिया में और कोई प्लेयर नहीं कर पाया। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दोनों के वनडे में खेलता देखने की आस में ही सारे टिकट पहले ही बिक गए। विराट और रोहित जैसे खिलाड़ियों की वजह से ही बीसीसीआई की आज पूरी दुनिया में तूती बोलती है। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों को 2027 के वनडे विश्व कप तक वनडे फॉर्मेट में खेलते रहने देना चाहिए। उनपर संन्यास लेने के लिए दबाव नहीं बनाना चाहिए। ऐसा करने की कोशिश लगातार हो रही है जो कि मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर के बयानों में नजर आता है।

विराधियों के हौसले कर देते हैं पस्त

भारतीय टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा की उपस्थिति ही विरोधी टीमों और उनके गेंदबाजों को पस्त करने के लिए काफी है। जैसा कि आल्हा में गाया जाता है,बड़े लड़य्या महुबे वाले जिनकी मार सही न जाए, एक के मारे दुई मरि जावैं तीसर खौफ खाय मरि जाए'। आल्हा-उदल की पराक्रम क्षमता का बखान करते हुए कही गई ये बात अगर विराट कोहली और रोहित शर्मा की बल्लेबाजी के परिपेक्ष्य में कही जाए तो, यह कह सकते हैं कि विराट और रोहित के बल्ले का वार टीमें नहीं सहन कर पाती हैं। टीम इंडिया की एक टीम के खिलाफ जीत दूसरी टीम के हौसले भी पस्त कर देती है और वो मुकाबले से पहले ही हार मान लेती है। जब तक दोनों मैदान पर मौजूद रहते हीं टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित होती है। विराट रोहित जैसे खिलाड़ियों के टीम होनों से टीम का आत्मविश्वास मनोबल भी सातवें आसमान पर रहता है। दोनों अपने साथी खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा करते रहते हैं।

ऐसा है टीम इंडिया का वनडे फॉर्मेट का कार्यक्रम

टीम इंडिया 19 से 25 अक्टूबर के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद इस साल के अंत तक भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन-तीन वनडे मैच खेलेगी। यानी इस साल कुल 9 वनडे मैच में खेलने का विराट रोहित को मौका मिलेगा। इसके बाद टीम इंडिया टी20 और टेस्ट मोड में चली जाएगी। इसके छह महीने बाद जून 2026 में टीम इंडिया अफगानिस्तान से घर पर तीन वनडे खेलेगी। इसी के आसपास बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज भी भारतीय टीम खेल सकती है।

साल 2026 में टीम इंडिया खेलेगी 18 वनडे मैच

जुलाई 2026 में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी जहां उसे तीन मैच की वनडे सीरीज मेजबान टीम के खिलाफ खेलनी है। इसके बाद टीम इंडिया वेस्टइंडीज(होम), न्यूजीलैंड(अवे)और श्रीलंका (होम) के खिलाफ 3-3 मैच की सीरीज खेलेगी। इसके बाद द.अफ्रीका-जिंबाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले वनडे विश्व कप 2027 के लिए उलटी गिनती शुरु होगी। इन 18 वनडे मैच के बाद विराट और रोहित के फॉर्म फिटनेस पर उठ रहे सारे सवालों के जवाब मिल ही जाएंगे। ऐसे में सिर्फ भविष्य की योजनाओं और युवाओं को मौका देने के नाम पर दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को वनडे विश्व कप की स्कीम से बाहर करने का निर्णय सही नहीं होगा। दोनों टीम में जगह डिजर्व करते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article