क्रिकेट

EXPLAINER: अगर भारत फाइनल में पहुंचा तो पाकिस्तान को लग जाएगा बड़ा झटका, जानिए कैसे

India vs Australia Champions Trophy 2025 Semi Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल पर पाकिस्तान की पैनी नजर रहने वाली है। इस मुकाबले में अगर भारत को जीत मिलती है तो पाकिस्तान को करारा झटका लग सकता है और नुकसान हो सकता है।

Image

भारत पाकिस्तान (फोटो- AP)

India vs Australia Champions Trophy 2025 Semi Final: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल द्वारा आयोजित की जा रही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इस मुकाबले में दुनियाभर के फैंस बटे हुए हैं और जहां कई देश ऑस्ट्रेलिया को सपोर्ट कर रहे हैं वहीं बाकि भारत का समर्थन कर रहे हैं। लेकिन एक देश ऐसा है जो कि भारत की हार की दुआं खुलकर मांग रहा होगा क्योंकि अगर इस मैच में भारत जीत गया तो फिर उसे करोड़ों रुपए का नुकसान हो जाएगा। ये देश कोई और नहीं बल्कि भारत का पड़ोसी और कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान है।

दरअसल चैपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन भले ही पाकिस्तान में किया जा रहा हो लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम ने वहां जाने से इंकार कर दिया है ऐसे में भारत के सारे मैच दुबई में होने जा रहे हैं। भारत अपना पहला सेमीफाइनल भी दुबई में ही खेल रहा है। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बनाई गई गाइडलाइंस के हिसाब से अगर भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो फाइनल का आयोजन दुबई में होगा। ऐसे में पाकिस्तान से फाइनल की भी मेजबानी छीन जाएगी और गद्दाफी स्टेडियम पर करोड़ों खर्च करना बेकार हो जाएगा। फाइनल का आयोजन 9 मार्च को किया जाएगा।

नॉकआउट मैचों में दोनों के बीच कांटे की टक्कर

भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें तीनों मैच जीतकर टॉप पोजीशन हासिल की। अब उनकी नजरें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचने पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से प्रभावित अपने मैचों के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 352 रन के भारी भरकम लक्ष्य को 48वें ओवर में ही हासिल कर लिया था।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 151 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 84 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और भारत ने 57 मैचों में जीत हासिल की है। इसके अलावा 10 मैच बिना परिणाम के रहे हैं। दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड चैंपियंस ट्रॉफी और अन्य आईसीसी टूर्नामेंट्स में भी ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में रहा है। दोनों टीमों के बीच 18 आईसीसी वनडे मैचों में से ऑस्ट्रेलिया ने 10 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने 7 में जीत हासिल की है।

आईसीसी नॉकआउट राउंड में भी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले कड़े रहे हैं। दोनों टीमों ने नॉकआउट मुकाबलों में 4-4 बार जीत हासिल की है, लेकिन हाल के वर्षों में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को लगातार तीन नॉकआउट मैचों में हराया है। भारतीय टीम के लिए यह आंकड़ा चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि 2011 के वर्ल्ड कप के बाद से भारत को आईसीसी नॉकआउट मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई जीत नहीं मिली है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article