Dewald Brevis Wicket Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 3 रनों से हरा दिया। मुकाबले में कई अहम मोड़ आए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा CSK के युवा दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का विवादास्पद आउट।चेन्नई को 214 रनों का विशाल लक्ष्य मिला था और टीम की उम्मीदें ब्रेविस पर टिकी थीं, जो पिछले कुछ मैचों में बेहतरीन फॉर्म में थे। लेकिन जैसे ही वह क्रीज पर आए, लुंगी एंगिडी की एक फुल टॉस गेंद उनके पैड्स पर लगी और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया।
हालांकि, टीवी रीप्ले में साफ दिखा कि गेंद लेग स्टंप को मिस कर रही थी, लेकिन ब्रेविस को रिव्यू लेने की अनुमति नहीं दी गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने आउट दिए जाने के बाद रन लेने की कोशिश की और फिर रविंद्र जडेजा से लंबी बातचीत की। इस प्रक्रिया में 15 सेकंड का रिव्यू टाइमर खत्म हो गया और इसलिए उनका रिव्यू मान्य नहीं रहा। नतीजतन, ब्रेविस गोल्डन डक पर आउट होकर पवेलियन लौटे। हालांकि अंपायर के इस निर्णय पर बवाल मच गया है। कई फैंस ने ये आरोप लगाया है कि स्टेडियम की स्क्रीन पर टाइमर नहीं दिख रहा था और ये गलत है। वहीं कई क्रिकेटर्स भी ब्रेविस के सपोर्ट में उतरे हैं।
आरसीबी की धमाकेदार बल्लेबाज़ी
RCB ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जोरदार शुरुआत की। जैकब बेथेल और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। बेथेल ने 53 और कोहली ने 62 रन बनाए। मिडल ओवर्स में मथीशा पथिराना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, लेकिन अंत में रोमारियो शेफर्ड ने मात्र 14 गेंदों में अर्धशतक जमाकर आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक बनाया और टीम का स्कोर 213/5 तक पहुंचा दिया।
CSK की कड़ी टक्कर, लेकिन अंत में हार
जवाब में CSK ने भी शानदार खेल दिखाया। आयुष म्हात्रे ने 94 रन की दमदार पारी खेली और रविंद्र जडेजा (77 रन) के साथ सदी की साझेदारी कर मैच को अंतिम ओवर तक खींचा। लेकिन अंत में RCB के यश दयाल की बेहतरीन डेथ बॉलिंग ने बाजी पलट दी और चेन्नई को मात्र 3 रन से हार का सामना करना पड़ा।
