RCB IPL 2025 Qualification Scenario: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगे। यह महत्वपूर्ण मुकाबला 2 मई को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में शायद आखिरी बार विराट कोहली और एमएस धोनी एक दूसरे के खिलाफ आईपीएल में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। ऐसे में फैंस पूरे मुकाबले का आनंद उठाना चाहेंगे,लेकिन बेंगलुरू में प्री-मानसून बारिश के कारण मैच प्रभावित हो सकता है।
अन्य शहरों के विपरीत, बेंगलुरू में गर्मियों में सिर्फ धूप नहीं, बल्कि प्री-मानसून की हल्की बारिश भी होती है। पश्चिमी घाट की पहाड़ियों के बीच बने छोटे गैप के कारण यहां अरब सागर से आने वाली हवाएं बादल लाती हैं, जिससे शाम को बारिश होती है। पिछले कुछ दिनों से शहर के मध्य भाग में स्थित चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी शाम को भारी बारिश दर्ज की गई है। यही वजह है कि इस स्टेडियम में 'सब-एयर सिस्टम' और बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था लगाई गई है।
क्या बारिश में भी खेल संभव है?
अमेरिकी कंपनी 'सब-एयर' द्वारा विकसित 200-हॉर्सपावर की यह मशीन प्रति मिनट 10,000 लीटर पानी निकालने की क्षमता रखती है, जिससे भारी बारिश के बावजूद मैच जल्दी शुरू हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दिन 75% बारिश की संभावना है, जिसके कारण मैच देरी से शुरू हो सकता है या ओवर कम हो सकते हैं।
मैच पूरी तरह रद्द होने पर क्या होगा?
अगर बारिश के चलते मैच बिल्कुल नहीं हो पाता है, तो RCB और CSK को एक-एक अंक मिलेगा।चूंकि यह ग्रुप स्टेज का मैच है, इसलिए रिजर्व डे नहीं है। आरसीबी लगातार 5 में से 4 मैच जीतकर शानदार फॉर्म में है और प्लेऑफ़ की दौड़ में है। ऐसे में, एक अंक मिलने से उनकी रणनीति प्रभावित हो सकती है।वहीं, CSK पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, इसलिए उनके लिए यह मैच महत्वपूर्ण नहीं है।
RCB के प्लेऑफ़ चांस पर क्या असर पड़ेगा?
अगर मैच रद्द होता है, तो RCB को जीत के बजाय सिर्फ एक अंक मिलेगा, जो उनकी प्लेऑफ़ की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। CSK को हराकर वे दो अंक हासिल कर सकते थे, लेकिन बारिश की वजह से उन्हें नुकसान हो सकता है। अगर आरसीबी को एक अंक मिलता है तो उनके 11 मैचों में 15 अंक हो जाएंगे। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें एक ही मैच जीतना होगा लेकिन उनके टॉप 2 में रहने के चांस कम हो जाएंगे।फिलहाल, सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं। क्या बारिश RCB की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर देगी, या फिर सब-एयर सिस्टम मैच को बचा लेगा? यह देखना दिलचस्प होगा।
