एजुकेशन

Maharashtra School Admission: नर्सरी से पहली कक्षा तक बदली उम्र सीमा, जानें कब से लागू होगा नियम

महाराष्ट्र सरकार ने नर्सरी, जूनियर KG, सीनियर KG और कक्षा 1 में दाखिले के लिए उम्र से जुड़े नए नियम तय किए हैं। इन नियमों को अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था की शुरुआत 2027-28 के सत्र से होगी।

Image

महाराष्ट्र के स्कूलों में नर्सरी से पहली कक्षा तक बदली उम्र सीमा

महाराष्ट्र में अपने बच्चों का स्कूल में एडमिशन कराने की तैयारी कर रहे माता-पिता के लिए जरूरी खबर है। महाराष्ट्र सरकार ने नर्सरी से कक्षा एक तक स्कूल में दाखिले की उम्र के नए नियम घोषित कर दिए हैं। राज्य सरकार ने नर्सरी, जूनियर KG, सीनियर KG और कक्षा 1 में दाखिले के लिए उम्र से जुड़े नए नियम तय किए हैं। इन नियमों को अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था की शुरुआत 2027-28 के सत्र से होगी।

नई व्यवस्था के तहत हर स्तर पर न्यूनतम उम्र तय की गई है। अभिभावकों को अपने बच्चे का एडमिशन कराने से पहले संबंधित शैक्षणिक सत्र और उम्र की शर्त जरूर देखनी चाहिए।

कक्षान्यूनतम उम्रलागू होने वाला सत्र
नर्सरी3 साल2027-28
जूनियर KG4 साल2028-29
सीनियर KG5 साल2029-30
कक्षा 16 साल2030-31

सरकार ने क्यों बदले एडमिशन के नियम?

अब तक महाराष्ट्र बोर्ड, CBSE, ICSE और IB से जुड़े स्कूलों में दाखिले की उम्र और कट-ऑफ तारीख को लेकर अंतर देखने को मिलता था। इससे माता-पिता को यह तय करने में परेशानी होती थी कि उनका बच्चा किस कक्षा में प्रवेश लेने के योग्य है। नए नियमों का उद्देश्य पूरे राज्य में उम्र से जुड़ी शर्तों में एकरूपता लाना है। साथ ही, यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप है, जिसमें पहली कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र कम से कम 6 साल रखने की सिफारिश की गई है।

पहले से पढ़ रहे बच्चों को मिलेगी राहत

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नर्सरी से कक्षा 1 तक पढ़ रहे बच्चों पर नए उम्र संबंधी नियम लागू नहीं होंगे। मान्यता प्राप्त स्कूल से पिछली कक्षा पास करके अगली कक्षा में जाने वाले नियमित छात्रों को भी छूट दी जाएगी। इसके अलावा, स्कूल प्रमुख उम्र सीमा में अधिकतम 15 दिन की छूट दे सकते हैं। यह छूट अपने आप नहीं मिलेगी, इसलिए अभिभावक संबंधित स्कूल से इसकी पुष्टि जरूर करें।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article