क्रिकेट

आखिरकार आर्यवीर में दिखी पिता सहवाग की झलक, 19 चौके 8 छक्के सहित खेल दी विस्फोटक पारी

वीरेंद्र सहवाग के सुपुत्र आर्यवीर ने आखिरकार वो पारी खेल दी है जिसका इंतजार फैंस लंबे वक्त से कर रहे थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने आर्यवीर की कप्तानी पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन की पारी खेली।

Image

आर्यवीर सहवाग (साभार-X)

वीरेंद्र सहवाग ने अपने खेल के दिनों में जो छवि फैंस के मन में बनाई थी, वो कहीं ना कहीं उनके बेटे आर्यवीर पूरा नहीं कर पा रहे थे, लेकिन वो कहते हैं कि देर आए दुरुस्त आए। विनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी कर रहे आर्यवीर में आखिरकार सहवाग वाली झलग देखने को मिली। चंडीगढ़ के खिलाफ इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने आर्यवीर की कप्तानी पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन की पारी खेली। आर्यवीर के अलावा अर्नव बग्गा ने 47 और शांतनू यादव ने 27 रन की पारी खेली। चंडीगढ़ की ओर से रुपेश यादव ने दो जबकि गगनप्रीत और अभय सिंह ने 1-1 विकेट चटकाया।

आर्यवीर की शतकीय पारी

आर्यवीर से जिस तरह की तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद फैंस कर रहे थे आखिकार वो इस मुकाबले में देखने को मिली। आर्यवीर ने 121.00 की स्ट्राइक से 143 गेंद में 173 रन की तूफानी पारी खेली। आर्यवीर ने अपनी पारी में 19 चौके और 8 छक्के जड़े। सहवाग ने 173 में से 124 गेंद बाउंड्री से जड़े हैं। ये अंडर-19 क्रिकेट में आर्यवीर का पहला शतक है जो तूफानी अंदाज में आया है। इससे पहले 3 मैच में उन्होंने 103.80 की स्ट्राइक रेट से 109 रन बनाए थे। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 47 रन था। लेकिन अब लगता है कि जिस स्टार्ट की तलाश आर्यवीर को थी वो उन्हें मिल गई है।

मैच की बात करें तो 290 रन का पीछा करते हुए चंडीगढ़ ने यह लक्ष्य 5 विकेट खोकर 41.3 ओवर में हासिल कर लिया। चंडीगढ़ की ओरे रुपेश ने 167 रन की पारी खेली जबकि मीट दहिया ने 63 रन की पारी खेली। भले दिल्ली को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन आर्यवीर का फॉर्म में आना आने वाले समय के लिए दिल्ली टीम के लिए अच्छा रहेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article