क्रिकेट

बहुत कम टीमें... हार से बाल-बाल बचने के बाद इंग्लैंड के कप्तान ने पढ़े नेपाल की तारीफ में कसीदे

नेपाल के खिलाफ हार से बाल-बाल बचने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने नेपाल की टीम के बल्लेहबाजों की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। जानिए उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में विजयी शुरुआत के बाद क्या कहा?

Image

हैरी ब्रूक और रोहित पोडेल

Photo : AP

मुंबई: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को टी20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों के अपने प्रमुख स्पिनर आदिल राशिद का सामना करने के तरीके पर हैरानी जताई। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रन का लक्ष्य दिया और उलटफेर से बचते हुए चार रन से जीत हासिल की। मैच के बाद ब्रूक ने कहा,'यह बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, शुक्र है कि हम जीत गए। वे बहुत अच्छा खेले। बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसे उन्होंने खेला। मुझे लग रहा था हम इस स्कोर का आसानी से बचाव कर लेंगे लेकिन वे बहुत अच्छा खेले। मैं उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं।'

आदिल राशिद के खिलाफ अच्छी अच्छी टीमें नहीं कर पाती हैं ऐसी बल्लेबाजी

इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों के बाद विल जैक्स के 39 रन से सात विकेट पर 184 रन बनाए। ब्रूक ने कहा, 'बेथ शानदार खेला। वह जिस तरह से स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहा था, वह बहुत अच्छा था। फिर मैंने बस कहा कि हम दो तीन विकेट लेते हैं और सब कुछ बदल जाएगा। हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं। राशिद के खिलाफ उन्होंने इतने रन जुटा लिए। ऐसा अक्सर नहीं होता कि वह चार ओवर गेंदबाजी नहीं करे। मुझे यकीन है कि वह वापसी करेगा।'

नेपाल के कप्तान बोले हम करेंगे उलटफेर की कोशिश

नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने कहा कि वे सिर्फ टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं बल्कि एक या दो उलटफेर करने की कोशिश करेंगे जिसका सबूत इंग्लैंड के खिलाफ उनके जोश भरे प्रदर्शन में साफ दिखा। उन्होंने कहा,'खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मुझे उन पर बहुत गर्व है। जब हम इस विश्व कप में आए थे तो हम इस भरोसे के साथ आए कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए थे। हालांकि नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन कोशिश के मामले में हमने हर विभाग में शत प्रतिशत किया। आखिरी ओवर में सैम करन ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हम इसमें सुधार करेंगे।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article