लंदन: भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज के बारिश से दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने बादलों की आंख मिचौली के बीच टॉस जीत कर गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऐसे में 29 ओवर में भारतीय टीम से स्मृति मंधाना (42) और दीप्ति शर्मा (नाबाद 30) की पारियों की बदौलत 8 विकेट पर 143 रन का स्कोर खड़ा किया। जीत के लिए मिले 115 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 21 ओवर में 8 विकेट और 18 गेंद रहते हासिल कर लिया और सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। एमी जोन्स 46 और सोफिया डंक्ले 9 रन बनाकर नाबाद रहीं। टैमी बेमाउन्ट ने 34 और नैट सीवर ब्रंट ने 21 रन की पारी खेली। इंग्लैंड महिला टीम की यह पिछले 15 साल में लॉर्ड्स में खेले गए वनडे में दूसरी जीत है।
एमी जोन्स और टैमी ब्यूमॉन्ट ने दिलाई इंग्लैंड को तेज शुरुआत
115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को एमी जोन्स और टैमी ब्यूमॉन्ट की जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर टीम को 54 रन तक पहुंचा दिया। पारी के 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्नेह राणा ने टैमी ब्यूमॉन्ट को एलबीडब्लू करके टीम पहली सफलता दिलाई। ब्यूमॉन्ट 34(35) रन बना सकीं। उनके आउट होने के बाद कप्तान नैट सीवर ब्रंट ने एमी जोस का साथ दिया और टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रंट क्रांति गौड़ की गेंद पर बोल्ड हो गईं। उन्होंने 21(25) रन बनाए। जोन्स पिच पर टिकी रहीं और टीम को 21 ओवर में 8 विकेट से जीत दिलाकर पवेलियन वापस लौटीं।
भारतीय टीम की खराब रही शुरुआत, 72 रन पर गंवाए 5 विकेट
इससे पहले टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज एम अर्लॉट ने पारी के दूसरे ही ओवर में प्रतिका रावल (तीन) को बोल्ड कर भारत को बड़ा झटका दिया। इसके बाद मंधाना और हरलीन देओल (16) ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी करने की कोशिश की। इस साझेदारी को 10वें ओवर में सोफी एकलेस्टोन ने तोड़ा। उन्होंने 27 रन पर तीन विकेट लिये। इस साझेदारी के टूटने के बाद हालांकि विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। मंधाना एक छोर पर डटी रहीं लेकिन दूसरे छोर से एक्लेस्टोन ने हरलीन के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत (सात) को भी चलता किया। जेमिमा रोड्रिग्स (तीन) और रिचा घोष (दो) भी जल्दी पवेलियन लौट गयी। जिससे भारतीय टीम का स्कोर एक विकेट पर 46 रन से पांच विकेट पर 72 रन हो गया।
अर्धशतक से चूकीं स्मृति मंधाना
टीम के रनों का शतक पूरा होने से पहले मंधाना को लिन्से स्मिथ ने पवेलियन की राह दिखायी। उन्होंने 51 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये। दीप्ति ने इसके बाद एक छोर संभाले रखा और 34 गेंद में दो चौके जड़ित नाबाद पारी से टीम के स्कोर को 140 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने इस दौरान अरुंधति रेड्डी (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड के लिए सबसे सफल गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन रहीं। उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा एम अर्लॉट (26 रन पर दो विकेट) लिन्से स्मिथ (28 रन पर दो विकेट) के हाथ दो-दो सफलता लगी। एक सफलता चार्ली डीन के हाथ लगी। 27 रन देकर तीन विकेट झटकने वाली सोफी एक्लेस्टोन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। तीन मैच की सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 22 जुलाई, 2025 को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा।
