क्रिकेट

ENG vs WI 2nd Test: तीसरे दिन इंग्लैंड ने की शानदार वापसी, दूसरी पारी में बनाई 207 रन की बढ़त

मेजबान इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 41 रन से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की है। मैच में रोमांच बढ़ गया है। जानिए कैसा रहा तीसरे दिन के खेल का हाल?

Image

इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज

Photo : AP

नॉटिंघम: इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 41 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 248 रन बना लिए हैं। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 207 रन की बढ़त हासिल कर ली है। दिन का खेल खत्म होने पर जो रूट 37 और हैरी ब्रूक 78 गेंद में 71 रन बनाकर नाबाद हैं।

तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 351 रन से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन जल्दी ही जेसन होल्डर 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। होल्डर के आउट होने के बाद जोशुआ डिसिल्वा एक छोर संभाला रहे और दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। केविन सिंकलेयर(4), अल्जारी जोसेफ (10) और जेडन सील्स(0) 386 रन तक पवेलियन लौट गए थे।

डिसिल्वा और शमर जोसेफ की साझेदारी ने दिलाई बढ़त

ऐसे में डिसिल्वा ने शमर जोसफ के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले तो टीम को 400 रन के पार पहुंचाया। इसी दौरान डिसिल्वा ने अपना अर्धशतक 87 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। 10वें विकेट के लिए दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी 70 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 450 रन के पार पहुंचा दिया। विंडीज की टीम 457 रन पर ढेर हुई। शमर जोसेफ आउट होने वाले आखिरी कैरेबियाई बल्लेबाज रहे। उन्होंने 27 गेंद में 33 रन की पारी खेली। वहीं जोशुआ डिसिल्वा 82(112) रन बनाकर नाबाद रहे।

दूसरी पारी में भी कमाल नहीं दिखा पाए जैक क्रॉली

पहली पारी में 41 रन के अंतर से पिछड़ने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरआत फिर खराब रही। जैक क्रॉली दूसरी पारी में भी कमाल नहीं कर पाए और 3 रन बनाकर रन आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद एक बार फिर बेन डकेट और ओली पोप ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके टीम को 127 रन तक पहुंचाया। ओली पोप 51 रन बनाकर एल्जारी जोसेफ का शिकार बने और ये साझादारी टूट हई। इसके थोड़ी देर बाद बेन डकेट भी अल्जारी जोसेफ की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 76 रन बनाए।

दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बनाए 3 विकेट पर 248 रन

140 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड की पारी को जो रूट और हैरी ब्रूक ने संभाला। ब्रूक ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 62 गेंद में पूरा किया और चौथे विकेट के लिए रूट के साथ शतकीय साझेदारी 132 गेंदों में पूरी की। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 248 रन बना लिए हैं। जो रूट 37 और ब्रूक 71 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड को दूसरी पारी में 207 रन की बढ़त हासिल हो गई है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article