क्रिकेट

SL vs ENG 1st Test Day 2 Highlights: इंग्लैंड ने हासिल की मामूली बढ़त, बारिश की वजह से जल्दी खत्म हुआ खेल

इंग्लैंड ने मैनचेस्टर में खेले जा रहे श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन मेहमान टीम के खिलाफ पहली पारी में 23 रन की बढ़त बना ली है। ऐसा रहा बारिश से प्रभावित दूसरे दिन के खेल का हाल।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम (साभार England Cricket)

KEY HIGHLIGHTS
  • बारिश से प्रभावित रहा मैनचेस्टर टेस्ट का दूसरा दिन
  • पहले सत्र का खेल बारिश की भेंट चढ़ा
  • इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक हासिल की 23 रन की बढ़त

मैनचेस्टर: मेजबान इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 23 रन की बढ़त हासिल कर ली है। बारिश और खराब रोशनी की वजह से दूसरे दिन का खेल जल्दी खत्म करने का निर्णय अंपायरों ने लिया तब तक इंग्लैंड ने चायकाल के बाद 61 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 259 रन बना लिए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ 72 और गस अट्किंसन 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।

खराब रही इंग्लैंड के शुरुआत, जल्दी जल्दी गंवाए दो विकेट

बारिश की वजह से लंच के बाद खेल शुरू हुआ। दूसरे दिन इंग्लैंड ने बगैर किसी नुकसान के 22 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। जल्दी ही श्रीलंका को पहली सफलता बेन डकेट के रूप में मिली। डकेट 18(20) रन बनाकर असिता फर्नांडो की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। इसके बाद जल्दी ही कप्तान ओली पोप भी असिता फर्नांडो की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो 6 रन बना सके। इसके साथ ही इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 40 रन हो गया।

जो रूट अर्धशतक से चूके

पोप के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे जो रूट ने डैन लॉरेंस के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को पहले 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 67 के स्कोर पर लॉरेंस को विश्वा फर्नांडो ने दिनेश चांदीमल के हाथों कैच करा दिया। वो 30 रन बना सके। इसके बाद रूट को हैरी ब्रूक का साथ मिला दोनों ने डटकर टीम को तेजी से 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद रूट 42 रन बनाकर असिता फर्नांडो को तीसरा शिकार बने। 125 रन पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा।

ब्रूक-स्मिथ ने पहुंचाया 150 रन के पार

रूट के आउट होने के बाद हैरी ब्रूक को जैमी स्मिथ का साथ मिला। ऐसे में ब्रूक ने अपना अर्धशतक 59 गेंद में 4 चौकों की मदद से पूरा कर लिया। टी ब्रेक तक इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 176 रन बना लिए थे। ब्रूक 53 और स्मिथ 22 रन बनाकर नाबाद थे। चायकाल के बाद ब्रूक प्रभात जयासूर्या की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 56 रन बनाए।

ब्रूक नहीं खेल पाए बड़ी पारी, जयसूर्या ने किया शिकार

ब्रूक के आउट होने के बाद जैमी स्मिथ ने मोर्चा संभाले रखा और क्रिस वोक्स के साथ मिलकर टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। वोक्स 239 के स्कोर पर 25 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भी जयासूर्या ने बोल्ड कर दिया। लेकिन तबतक इंग्लैंड पहली पारी में 3 रन की बढ़त हासिल कर चुका था। स्मिथ ने इसी दौरान अपना अर्धशतक 81 गेंद में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से पूरा कर लिया और इंग्लैंड को 59.4 ओवर में 250 रन के पार पहुंचा दिया।

बारिश की वजह से जल्दी खत्म हुआ दिन का खेल

61वें ओवर के बाद खेल को बारिश और खराब रोशनी की वजह से रोकना पड़ा। इसके बाद अंपायरों ने दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी। इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 259 रन बना लिए हैं। जैमी स्मिथ 72 और अट्किंसन 4 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड ने पहली पारी में 23 रन की मामूली बढ़त हासिल कर ली है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article