क्रिकेट

समुद्र किनारे कर रहे थे ड्रिंक... दूसरा एशेज टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड के क्रिकेटर गम भुलाने की कोशिश में फंसे, अब होगी जांच

England Cricket Team Under Huge Controversy Amid Ashes Test Series: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज टेस्ट सीरीज 2025 में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विवाद के घेरे में आई है मेहमान इंग्लैंड क्रिकेट टीम, जिसके खिलाड़ियों पर आरोप लगा है कि लगातार दो टेस्ट मैच हारने के बाद तीसरे टेस्ट मैच से पहले एक बीच रिसॉर्ट पर वे ड्रिंक्स का सेवन कर रहे थे। बाद में उन्होंने तीसरा टेस्ट और सीरीज भी गंवा दी। अब जांच के आदेश दिए गए हैं।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

Photo : AP

England Cricket Team Controversy: एशेज टेस्ट सीरीज हो और कोई विवाद ना हो ये भला कैसे हो सकता है। इस बार इंग्लैंड की टीम 5 टेस्ट मैचों की इस प्रतिष्ठित एशेज सीरीज को खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। शुरुआत के दोनों टेस्ट मैच इंग्लैंड की टीम हार चुकी थी और अब तीसरे टेस्ट में उनको अपनी लाज बचाने के लिए खेलना था, लेकिन आरोप लगे हैं कि तीसरे टेस्ट से पहले इंग्लिश खिलाड़ी मस्ती में चूर थे। वे एक बीच पर ड्रिंक्स का लुत्फ उठा रहे थे। खबर फैली और अब जांच के आदेश दिए गए हैं।

इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरे में समुद्र तट पर स्थित एक रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने के दौरान ड्रिक्स का अत्यधिक सेवन की खबरें सामने आने के बाद वह इंग्लैंड टीम की शराब पीने की लत जांच करेंगे। इंग्लैंड का वर्तमान सीरीज में अभी तक प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और उसे तीनों टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा जिससे आस्ट्रेलिया ने एशेज को अपने पास बरकरार रखा। इंग्लैंड पिछले 18 मैच से ऑस्ट्रेलिया में एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाया है। उसने ऑस्ट्रेलिया में अपनी आखिरी श्रृंखला 2010-11 में जीती थी।

इंग्लैंड जब सीरीज में 0-2 से पीछे चल रहा था तब उसकी टीम ने दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच मिले ब्रेक के दौरान ब्रिस्बेन के उत्तर में स्थित शहर नूसा में एक रिसॉर्ट में चार रात बिताई थी। यह हालांकि उसके कार्यक्रम का हिस्सा था। रॉब की ने कहा कि उन्हें इस ब्रेक से कोई समस्या नहीं है, लेकिन अगर उन्हें अत्यधिक भोग-विलास के सबूत मिलते हैं तो वह इसकी जांच करेंगे।

उन्होंने कहा, "अगर ऐसी बातें सामने आती हैं कि हमारे खिलाड़ियों ने अत्यधिक शराब पी, तो निश्चित रूप से हम इसकी जांच करेंगे। यह अस्वीकार्य है।" रॉब की ने कहा, "किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम का अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन करने की मैं किसी भी स्तर पर उम्मीद नहीं कर सकता हूं और वहां जो कुछ हुआ अगर मैं उसकी जांच नहीं करता हूं तो यह गलती होगी। लेकिन अब तक मैंने जो कुछ भी सुना है, उससे यही लगता है कि उनका व्यवहार बहुत अच्छा था।"

उन्होंने कहा, "हमारे पास यह पता लगाने के पर्याप्त तरीके हैं कि वास्तव में क्या हुआ था। अब तक मैंने जो कुछ भी सुना है, उससे यही पता चलता है कि वे बैठे, दोपहर का भोजन किया, रात का खाना खाया, देर रात को बाहर नहीं गए, वगैरह-वगैरह। उन्होंने थोड़ी-बहुत शराब भी पी। मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं है। अगर बात इससे आगे बढ़ती है तो फिर जहां तक मेरा सवाल है यह एक मुद्दा बन जाएगा।"

रॉब की ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले उन रिपोर्टों की जांच की थी जिनमें कहा गया था कि एशेज से पहले न्यूजीलैंड में एक मैच से पहले वाली रात को खिलाड़ियों को शराब पीते हुए देखा गया था। इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा किया गया था, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसे एक नवंबर को तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले वेलिंगटन में बनाया गया था।

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगा कि यह औपचारिक चेतावनी देने लायक था। मुझे लगता है कि यह अनौपचारिक चेतावनी देने लायक था। मुझे खिलाड़ियों का रात के खाने में एक गिलास वाइन पीने से कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन इससे कुछ भी ज्यादा हास्यास्पद होगा।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article