क्रिकेट

ENG vs SL 1st Test Highlights: इंग्लैंड ने श्रीलंका को मैनचेस्टर टेस्ट में दी 5 विकेट से मात, रूट ने जड़ा जुझारू अर्धशतक

इंग्लैंड ने श्रीलंका को मैनचेस्टर टेस्ट में पांच विकेट से मात देकर दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। चौथी पारी में जीत के लिए मिले 205 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने जो रूट की जुझारू अर्धशतकीय पारी की बदौलत हासिल कर लिया।

Image

जो रूट

Photo : AP

मैनचेस्टर: ओली पोप की कप्तानी में खेलते हुए इंग्लैंड ने श्रीलंका को सीरीज के मैनचेस्टर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 6 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। मैच के चौथे दिन श्रीलंका ने कमिंदु मेंडिस की 113 रन की शतकीय और दिनेश चंडीमल की 79 रन की जुझारी पारियों की बदौलत अपनी दूसरी पारी में 326 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 205 रन का लक्ष्य रखा था जिसे मेजबान टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने से पहले जो रूट की 62* रन की जुझारू अर्धशतकी पारी की बदौलत 57.2ओवर में 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। रूट 62 और क्रिस वोक्स 8 रन बनाकर नाबाद रहे। पहली में शतक जड़ने वाले जैमी स्मिथ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 111 और दूसरी में 39 रन का योगदान दिया।

खराब रही इंग्लैंड की शुरुआत

जीत के लिए 205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 70 रन के स्कोर तक पहुंचते पहुंचते उसके तीन टॉप बल्लेबाज बेन डकेट (11), डैन लॉरेंस (34) और कप्तान ओली पोप (6) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। चाय काल तक मेजबान टीम ने तीन विकेट पर 82 रन बना लिये थे। विकेटों के दबाव में इंग्लैंड का रन रेट भी गिर कर 3.97 प्रति ओवर हो गया था। दूसरे सत्र की समाप्ति तक पूर्व कप्तान जो रूट 13 और हैरी ब्रूक 6 रन बनाकर खेल रहे थे।

रूट ने दिलाई जीत

चायकाल के बाद जो रूट पिच पर पैर जमाए बैठे रहे। उनका साथ कुछ कुछ देर ब्रूक ने दिया और 32 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर उनके हाथों लपके गए। इसके बाद पहली पारी में शतक जड़ने वाले जैमी स्मिथ भी पिच पर टिके लेकिन जीत के करीब पहुंचने के बाद वो असिता फर्नांडो की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 39 रन बनाए। इसके बाद रूट ने अपना अर्धशतक 108 गेंद में एक चौके की मदद से पूरा किया और क्रिस वोक्स के साथ टीम को 5 विकेट से जीत दिलाकर पवेलियन वापस लौटे।

326 रन पर सिमटी श्रीलंका की दूसरी पारी, कमेंदु ने जड़ा सैकड़ा

इससे पहले शतकवीर कामिंदु मेंडिस (113) के आउट होने के बाद श्रीलंका की पहली पारी लंच के बाद 326 रन पर सिमट गयी। अनुभवी दिनेश चंडीमल आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे उन्होंने 79 रन का योगदान दिया। श्रीलंका ने आखिरी चार विकेट महज 26 रन के अंदर गंवा दिये। टीम ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 204 रन से आगे से करते हुए 122 रन और जोड़े। इंग्लैंड के लिए मैथ्यू पॉट्स और क्रिस वोक्स ने तीन-तीन विकेट लिये।

श्रीलंका ने की शानदार वापसी

अपना चौथा टेस्ट मैच खेल रहे कमेंदु मेंडिस की तीसरी शतकीय पारी से श्रीलंका ने पहली पारी में 122 रन से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। बारिश के कारण दिन का खेल आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ। मेंडिस ने मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में दो शतक और नाबाद 92 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ में उन्होंने अपनी लय जारी रखी। उन्होंने 183 गेंद की पारी के दौरान एक छक्का और 15 चौके लगाये।

दिनेश चंडीमल में दिया मेंडिस का साथ

अंगुली में चोट के कारण शुक्रवार को रिटायर्ड हर्ट होने के बाद वापसी करने वाले चंडीमल ने उनका अच्छा साथ दिया और दोनों ने सातवें विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर मैच में श्रीलंका की वापसी करवाई। दिन की शुरुआती सत्र में इंग्लैंड को तेज गेंदबाज मार्क वुड की की खली जो दाहिनी जांघ में चोट लगने के कारण चौथे दिन मैदान पर नहीं उतरे। वुड की जांघ में शुक्रवार को तीसरे दिन के खेल के दौरान रन-अप लेते समय खिंचाव आ गया था। उन्हें इलाज के लिए मैदान छोड़ना पड़ा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article