क्रिकेट

NZ vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट मैच में करारी मात, सीरीज में हासिल की 2-0 से अजेय बढ़त

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे ही दिन 323 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

Photo : AP

वेलिंगटन: बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को वेलिंगटन में खेले जा रहे तीन मैच की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के तीसरे दिन 323 रन के अंतर से मात देकर की और तीन मैच की सीरीज पर 2-0 के अंतर से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऐसे में सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला अब महज औपचारिकता रह गया है।

मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम पांच विकेट पर 378 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी पारी 6 विकेट पर 427 रन पर घोषित कर दी। ऐसे में जीत के लिए 583 रन का विशाल लक्ष्य मिला। इंग्लैंड को इस स्थिति तक पहुंचाने में जो रूट ने अहम भूमिका अदा की। दूसरी पारी में उन्होंने 106 रन बनाए। वहीं बेन स्टोक्स ने 49 रन की पारी खेली। रूट के आउट होते ही स्टोक्स ने पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। ये रूट के टेस्ट करियर का 36वां शतक था। टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में वो राहुल द्रविड़ की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

जीत के लिए 583 रन के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 33 रन तक पहुंचते पहुंचते 3 विकेट गिर गए। लैथम(24), डेवोन कॉन्वे (0) और विलियमसन (4) रन बनाकर पवेलियन लौट चुके थे। 59 के स्कोर पर रचिन रवींद्र के रूप में चौथा झटका भी कीवी टीम को लग गया। उन्होंने 6 रन बनाए।

रवींद्र के आउट होने के बाद डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल ने पारी को आगे बढ़ाया और 100 रन के पार पहुंचाया। 106 के स्कोर पर मिचेल 32 रन बनाकर एटकिंसन का शिकार बने। ऐसे में एक छोर पर ब्लंडेल ने खूंटा गाड़ लिया। दूसरे छोर से उन्हें थोड़ी देर ग्लेन फिलिप्स का और नेथन स्मिथ का साथ मिला। स्कोर ऐसे में 200 रन के पार पहुंचा। लेकिन 237 के स्कोर पर ब्लंडेल शतक पूरा करने के बाद शोएब बशीर की गेंद पर बेन डकेट के हाथों लपके गए। ब्लंडेल ने 115 रन बनाए। उनके आउट होने के थोड़ी देर बाद 259 रन पर न्यूजीलैंड की पूरी पारी ढह गई और मैच 323 रन के बड़े अंतर से गंवा दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article