क्रिकेट

ICC Women's World Cup 2025: इंग्लैंड ने किया 15 सदस्यीय टीम का ऐलान, दिग्गज की हुई टीम में वापसी

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भारत की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे महिला विश्व कप 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में दिग्गज खिलाड़ी की वापसी हुई है।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट England Cricket X)

लंदन: पूर्व कप्तान हीथर नाइट को आगामी आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए गुरुवार को इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली जबकि भारत के खिलाफ हाल में हुई श्रृंखला से बाहर रहने के बाद साराह ग्लेन और डेनी व्याट-हॉज की भी टीम में वापसी हुई है। दाएं पैर की मांसपेशियों में टेंडन की चोट के कारण पिछले कुछ महीनों तक बाहर रहने के बाद नाइट ने टीम में वापसी की है।

टूर्नामेंट के आगाज से पहले नाइट हो जाएंगी फिट

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नाइट को टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनकी चोट से उबरने की प्रक्रिया जारी है और उने 30 सितंबर से दो नवंबर तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है। टीम में शामिल चार विशेषज्ञों स्पिनरों में से ग्लेन एक हैं। वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें पहली बार विश्व कप टीम में जगह मिली है। यह कप्तान के रूप में नैट स्किवर-ब्रंट की पहली आईसीसी प्रतियोगिता होगी।

नेट स्किवर-ब्रंट संभालेंगी टीम की कमान

दुनिया की नंबर एक एकदिवसीय बल्लेबाज स्किवर-ब्रंट को अप्रैल में सभी प्रारूप का कप्तान नियुक्त किया गया था। व्याट-हॉज की भी टीम में वापसी हुई है। वह इंग्लैंड की ओर से पिछली बार 50 ओवर के प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला में हार के दौरान खेली थी। केट क्रॉस, माइया बूचियर और एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स को टीम में जगह नहीं मिली है।

कप्तान स्किवर-ब्रंट और हेड कोच चार्लोट एडवर्ड्स के लिए पहला आईसीसी इवेंट

यह टूर्नामेंट नई कप्तान स्किवर-ब्रंट और मुख्य कोच चार्लोट एडवर्ड्स में मार्गदर्शन में देश का पहला विश्व कप होगा। ऑस्ट्रेलिया ने 2022 के फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। एडवर्ड्स ने कहा,'विश्व कप में अपने देश के लिए खेलना खेल जगत के सबसे बड़े सम्मान में से एक है और मैं टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों के लिए बहुत खुश हूं। सभी वैश्विक टूर्नामेंटों की तरह यह एक बड़ी चुनौती होगी लेकिन हम भारत में जितना हो सके उतना आगे बढ़ना चाहते हैं और मेरा मानना है कि अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे तो हम किसी से भी मुकाबला कर सकते हैं।'

टीम में इंग्लैंड ने चुना है अतिरिक्त स्पिनर

इंग्लैंड की कोच ने कहा,'परिस्थितियों के अनुसार हमने अतिरिक्त स्पिनर को चुना है और हम भाग्यशाली हैं कि इस विभाग में इतनी गहराई है। सारा ग्लेन का वापस स्वागत करना शानदार है। इसका मतलब है कि केट क्रॉस, माइया बूचियर और एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स के लिए कोई जगह नहीं है जो उनके लिए निराशाजनक होगा।

वनडे विश्वकप के लिए ऐसी है इंग्लैंड की टीम:

नैट स्किवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लोट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एकलेस्टोन, लॉरेन फाइलर, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, हीथर नाइट, ऐमा लैम्ब, लिन्सी स्मिथ, डैनी व्याट-हॉज।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article