केपटाउन: दुनिया की सबसे खूबसूरत और बेहतरीन ऑलराउंडर्स में शुमार एलिस पेरी ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया की महिला टी20 विश्व कप 2023 में खिताबी जीत के साथ अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड कर लिया है जो उनसे पहले दुनिया का और कोई क्रिकेटर नहीं कर पाया। महिला टी20 विश्व कप में आठवीं बार शिरकत करते हुए पेरी छठी बार खिताब जीतने वाली टीम की सदस्य रहीं।
साल 2010 में बनीं पहली बार चैंपियन
पेरी साल 2009 से 2023 तक आयोजित महिला टी20 विश्व कप के सभी आठों संस्करणों में ऑस्ट्रेलियाई टीम की सदस्य रही हैं। 18 साल की उम्र में शुरू हुआ ये सिलसिला उम्र के 32वें पड़ाव में भी जारी है। पेरी ने साल 2010 में बतौर खिलाड़ी करियर का पहला विश्व कप खिताब जीता था। उसके बाद से ये सिलसिला लगातार जारी है वो टीम के साथ खिताबी जीत का छक्का जड़ने वाली एकलौता खिलाड़ी हैं।
आठ बार रहीं है विश्व चैंपियन टीम की सदस्य
पेरी अपने करियर में बतौर खिलाड़ी आठ विश्व कप खिताब जीत चुकी हैं। 6 टी20 विश्व कप खिताब( 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023) के अलावा वो साल 2013 और 2022 में वनडे विश्व चैंपियन बनने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की सदस्य भी रही हैं। साल 2022 में बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी पेरी हिस्सा थीं।
टी20 विश्व कप में रहा है शानदार प्रदर्शन
एलिस पेरी के नाम महिला टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। अबतक आयोजित 8 संस्करणों में पेरी ने कुल 42 मैच खेले हैं। इस मामले में पेरी के बाद दूसरे पायदान पर हमवतन एलिसा हीली हैं जिन्होंने साल 2010 से अबतक कुल 39 मैच खेले हैं। टी20 विश्व कप में पेरी का रिकॉर्ड भी बतौर ऑलराउंडर शानदार रहा है। उन्होंने 42 मैच में 26.50 के औसत से 371 रन बनाने के साथ-साथ 17.67 के औसत से 40 विकेट भी चटकाए हैं। बल्लेबाजी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन और गेंदबाजी में 12 रन देकर 3 विकेट रहा है।
