क्रिकेट

सुरेश रैना के बाद ईडी ने एक और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर से की पूछताछ, जानिए क्या है मामला

भारत के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज शिखर धवन से ईडी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में 8 घंटे तक पूछताछ की है। उनसे पहले इसी मामले में सुरेश रैना से भी पूछताछ की जा चुकी है।

Image

शिखर धवन (फोटो क्रेडिट PTI)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन गुरुवार को एक कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उनसे लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की गई। वह मध्य दिल्ली स्थित निदेशालय के कार्यालय में सुबह 11 बजे पहुंचे और शाम 7 बजे के बाद वहां से निकले।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ने ‘वन एक्स बेट’ नामक एक अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी इस जांच के तहत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया। ऐसा माना जा रहा है कि 39 वर्षीय पूर्व भारतीय क्रिकेटर कुछ विज्ञापनों के ज़रिए इस ऐप से जुड़े हैं। ईडी पूछताछ के दौरान इस ऐप से उनके संबंधों को समझना चाहता है। एजेंसी अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े ऐसे कई मामलों की जांच कर रही है जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी कर चोरी का आरोप है।

पिछले महीने पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से इस मामले में पूछताछ की गई थी। आने वाले दिनों में एजेंसी द्वारा ऐसे और भी खिलाड़ियों और मशहूर हस्तियों से पूछताछ किए जाने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने हाल ही में एक कानून लाकर वास्तविक धन वाली ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। मार्केट विश्लेषण फर्मों और जांच एजेंसियों के अनुसार भारत में 22 करोड़ लोग ऐसे आनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं जिनमें से आधे नियमित प्रयोग करने वाले हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article