क्रिकेट

Duleep Trophy 2025: दोहरे शतक से चूके एन जगदीशन, नॉर्थ जोन के खिलाफ साउथ जोन ने बनाए 536 रन

साउथ जोन की ओर से खेलते हुए नारायण जगदीशन दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने से महज 3 रन से चूक गए। उनकी शानदार शतकीय पारी की बदौलत साउथ जोन की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

Image

एन जगदीशन (फोटो क्रेडिट TNCA X)

बेंगलुरु: नारायण जगदीशन (197 रन) अपना दोहरा शतक पूरा करने से महज तीन रन से चूक गए जिससे दक्षिण क्षेत्र ने शुक्रवार को दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में दूसरे दिन उत्तर क्षेत्र के खिलाफ पहली पारी में 536 रनों का प्रभावशाली स्कोर बनाया। दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 297 रन से करने के बाद दक्षिण क्षेत्र ने पूरे दिन (88.2 ओवर) बल्लेबाजी की लेकिन बाकी विकेट खोकर केवल 239 रन ही बना सका। जगदीशन ने रन आउट होने से पहले 352 गेंद में 16 चौके और तीन छक्के लगाए। दक्षिण के बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके लेकिन टीम को सराहनीय स्कोर तक पहुंचाने में सफल रहे।

उत्तर क्षेत्र के बल्लेबाजों के पास अब पहली पारी में 537 के स्कोर तक पहुंच कर फाइनल में जगह पक्की करने के लिए पूरे दो दिन हैं। दिन की शुरुआत में दक्षिण के कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (11) दूसरी ही गेंद पर भारत के मध्यम गति के गेंदबाज अंशुल कंबोज (24 ओवर में 67 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट हो गए। रिकी भुई (54 रन) और जगदीशन ने पांचवें विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी निभाई।

जगदीशन अपनी रात के 13 चौके में केवल तीन चौके जड़ पाए थे कि तेजी से एक रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। लंच के बाद के सत्र में भुई ने पारी को संभाला। लेकिन स्पिनर निशांत सिंधु (125 रन देकर पांच विकेट) की गेंद पर बल्ले का किनारा छुआकर प्रतिद्वंद्वी टीम के कप्तान अंकित कुमार के हाथों कैच आउट हो गए। इसके बाद हैदराबाद के स्पिनर तनय त्यागराजन (58 रन) को इसके बाद तमिलनाडु के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह (29 रन) के रूप में एक अच्छा साथी मिला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी करके दक्षिण क्षेत्र को 500 रन के पार पहुंचाया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article