क्रिकेट

Duleep Trophy: दोहरे शतक से चूके रुतुराज गायकवाड़ का शतक, पश्चिम क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र के खिलाफ बनाए 363/6 रन

बेंगलुरू में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में रुतुराज गायकवाड़ ने वेस्ट जोन की ओर से खेलते हुए सेंट्रल जोन के खिलाफ शानदार शतक जड़ा लेकिन दोहरे शतक से चूक गए। जानिए कैसा रहा पहले दिन के खेल का हाल?

Image

रुतुराज गायकवाड़(फोटो क्रेडिट Ruturaj Gaikwad Instagram)

बेंगलुरु: रुतुराज गायकवाड़ ने यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर की नाकामी की भरपाई करते हुए 184 रन की शानदार पारी खेली जिससे पश्चिम क्षेत्र ने बृहस्पतिवार को यहां दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन मध्य क्षेत्र के खिलाफ छह विकेट पर 363 रन बनाकर वापसी की। दिन का खेल खत्म होने पर तनुश कोटियान (नाबाद 65) और शारदुल ठाकुर (नाबाद 24) बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ‘बी’ मैदान पर क्रीज पर डटे थे। दिन के स्टार गायकवाड़ रहे जिन्होंने पिछले महीने बुची बाबू टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ महाराष्ट्र के लिए 133 रन की पारी खेलने के बाद लगातार दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी में 206 गेंद का सामना किया।

10 रन पर मध्यक्षेत्र ने गंवाए दो विकेट

गायकवाड़ मध्यक्रम में तब बल्लेबाजी के लिए आए जब पश्चिम क्षेत्र की टीम जायसवाल (04 रन) और हार्विक देसाई (01) के विकेट गंवाने के बाद दो विकेट पर 10 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। जायसवाल को तेज गेंदबाज खलील अहमद ने आउट किया जबकि हार्विक ने दीपक चाहर की गेंद पर पहली स्लिप में यश राठौड़ को आसान कैच थमा दिया। गायकवाड़ ने इसके बाद आर्य देसाई के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की उपयोगी साझेदारी की और पश्चिम क्षेत्र की टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की।

131 गेंद में गायकवाड़ ने जड़ा शतक

गायकवाड़ ने अर्धशतक 85 गेंद में पूरा किया लेकिन दोपहर के सत्र में उन्होंने 131 गेंद में 100 रन पूरे किए और इस तरह दूसरा अर्धशतक केवल 51 गेंद में पूरा हुआ। गायकवाड़ ने मध्य क्षेत्र के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे और ऑफ स्पिनर सारांश जैन के खिलाफ आसानी से रन बटोरे। उन्होंने लेट कट और स्क्वायर कट का बेहतरीन इस्तेमाल किया और इन क्षेत्र में 15 चौके सहित लगभग 100 रन बनाए। इससे स्पिनरों को सीधी लाइन अपनाने पर मजबूर होना पड़ा और धीमी पिच पर महाराष्ट्र के बल्लेबाजों एक या दो रन लेने में ज़्यादा परेशानी नहीं हुई।

179 रन पर वेस्ट जोन ने गंवा दिए थे 5 विकेट

पश्चिम क्षेत्र की टीम इसके बार फिर मुश्किल में घिर गई जब उन्होंने आर्य (39), श्रेयस (25) और शम्स मुलानी (18) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए जिससे टीम का स्कोर पांच विकेट पर 179 रन हो गया। अय्यर को पहली ही गेंद पर जीवनदान मिला जब हर्ष दुबे की गेंद पर खलील ने डीप में कैच छोड़ दिया। वह अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन खलील की गेंद पर लेट कट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए।

कोटियान और रुतुराज के बीच हुई 148 रन की साझेदारी

गायकवाड़ को इसके बाद कोटियान के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी की जिससे मध्य क्षेत्र की टीम बैकफुट पर आ गई। गायकवाड़ हालांकि जब अपने पहले प्रथम श्रेणी दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे तो स्पिनर जैन की गेंद पर चमका खाकर विकेटकीपर उपेंद्र यादव के हाथों स्टंप हो गए। कोटियान ने इसके बाद कप्तान शारदुल के साथ मिलकर टीम को और झटके नहीं लगने दिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article