क्रिकेट

Duleep Trophy 2024: दूसरे राउंड से पहले टीमों में बड़ा बदलाव, रिंकू सिंह समेत इन खिलाड़ियों की एंट्री

Duleep Trophy 2024: भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। इसके चलते कई बड़े खिलाड़ी जो कि दलीप ट्रॉफी का हिस्सा थे डोमेस्टिक टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दलीप ट्रॉफी के अपडेटेड स्क्वॉड सामने आ गए हैं।

Image

रिंकू सिंह (फोटो -instagram)

Duleep Trophy 2024: ऋषभ पंत, लोकेश राहुल और शुभमन गिल सहित बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के लिए भारतीय टीम में चुने गए अधिकतर खिलाड़ियों को 12 सितंबर से शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी के दूसरे दौर से मंगलवार को आराम दिया गया है।रविवार को राष्ट्रीय टीम में आकाश दीप, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल को भी जगह मिली। इन सभी को दूसरे दौर में खेलने से छूट दी गई है।बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल और सरफराज खान को हालांकि दलीप ट्रॉफी से नहीं हटाया गया है जिससे संकेत मिलते हैं कि वे चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय एकादश का हिस्सा नहीं होगे।

दलीप ट्रॉफी में इन खिलाड़ियों की एंट्री

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ‘‘चयनकर्ताओं ने गिल के विकल्प के तौर पर प्रथम सिंह (रेलवे), लोकेश राहुल के विकल्प के तौर पर अक्षय वाडकर (विदर्भ) और जुरेल के विकल्प के तौर पर एसके रशीद (आंध्र) को चुना है।बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी टीम में कुलदीप की जगह लेंगे जबकि आकाश दीप की जगह आकिब खान (उत्तर प्रदेश) को चुना गया है।'

गिल की जगह मयंक अग्रवाल को भारत ‘ए’ टीम का कप्तान बनाया गया है।जायसवाल और पंत के विकल्प के तौर पर चयनकर्ताओं ने सुयश प्रभुदेसाई और रिंकू सिंह को चुना है।भारत ‘डी’ टीम में अक्षर के स्थान पर निशांत संधू को जगह मिली है।तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे हल्की चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं।

इंडिया सी में नहीं हुआ बदलाव

इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली भारत ‘सी’ टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।दिसंबर 2022 के बाद पहली बार लाल गेंद का क्रिकेट खेलते हुए पंत ने दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में प्रभावित किया था। लोकेश राहुल और आकाश दीप ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

अपडेट टीम इस प्रकार हैं:

भारत ए: मयंक अग्रवाल (कप्तान), रियान पराग, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, तनुश कोटियान, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, आवेश खान, कुमार कुशाग्र, शाश्वत रावत, प्रथम सिंह, अक्षय वाडकर, एसके रशीद, शम्स मुलानी और आकिब खान।

भारत बी: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), सरफराज खान, मुशीर खान, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, मुकेश कुमार, राहुल चाहर, आर साई किशोर, मोहित अवस्थी, एन जगदीशन, सुयश प्रभुदेसाई, रिंकू सिंह और हिमांशु मंत्री।

भारत डी टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अथर्व ताइडे, यश दुबे, देवदत्त पडिक्कल, रिकी भुई, सारांश जैन, अर्शदीप सिंह, आदित्य ठाकरे, हर्षित राणा, आकाश सेनगुप्ता, केएस भरत, सौरभ कुमार, संजू सैमसन, निशांत संधू और विद्वथ कावेरप्पा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article