DPL 2025: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 (डीपीएल) के छठे मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुरानी दिल्ली 6 को 82 रन से करारी शिकस्त दी। यह इस सीजन में आउटर दिल्ली वॉरियर्स की पहली जीत रही, जबकि पुरानी दिल्ली 6 को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
पॉइंट्स टेबल में आउटर दिल्ली तीसरे स्थान पर
इस जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। इससे पहले उन्हें न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में 40 रन से हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, पुरानी दिल्ली 6 दो मुकाबलों में दो हार के साथ सबसे निचले स्थान पर पहुंच गई है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी, लेकिन 148 पर सिमटी वॉरियर्स
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 148 रन पर ऑलआउट हो गई।टीम को अच्छी शुरुआत मिली। प्रियांश आर्य और सनत सांगवान ने पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। प्रियांश 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सांगवान ने 15 गेंदों में 26 रन की तेज़तर्रार पारी खेली, जिसमें दो छक्के और दो चौके शामिल रहे।कप्तान सिद्धांत शर्मा ने 14 गेंदों में 21 रन, हर्ष त्यागी ने 17 रन और ध्रुव सिंह ने 19 रन बनाए। हालांकि मध्यक्रम में कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका।
उद्धव मोहन की शानदार गेंदबाज़ी, पांच विकेट चटकाए
पुरानी दिल्ली 6 की ओर से गेंदबाजी में सबसे सफल रहे उद्धव मोहन, जिन्होंने 26 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा रजनीश दादर और प्रदीप पाराशर को दो-दो विकेट मिले, जिससे आउटर दिल्ली की पारी 148 पर थम गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की हालत खराब
149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की टीम मात्र 66 रन पर ही ढेर हो गई। पूरी टीम 14.3 ओवरों में सिमट गई और उन्हें 82 रन की करारी हार झेलनी पड़ी।14 रन के स्कोर पर पहला विकेट आरुष मल्होत्रा (5 रन) के रूप में गिरा, और उसके बाद विकेटों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं लिया।
समर्थ और ललित ने किया संघर्ष, लेकिन नहीं मिली कामयाबी
ओपनर समर्थ सेठ ने 17 गेंदों में 18 रन बनाए, वहीं ललित यादव ने 24 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। परंतु किसी भी बल्लेबाज़ ने टिककर खेलते हुए टीम को लक्ष्य के करीब नहीं पहुंचाया।
सुयश शर्मा और शौर्य मलिक की घातक गेंदबाज़ी
आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से सुयश शर्मा ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके अलावा शौर्य मलिक ने भी कमाल की गेंदबाज़ी की और तीन विकेट झटके। शिवम शर्मा और हर्ष त्यागी को एक-एक सफलता मिली।
(IANS)
