Delhi Premier League 2025: कप्तान जॉन्टी सिद्धू के हरफनमौला प्रदर्शन और यश धुल की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2025) टी20 में पुरानी दिल्ली 6 को डकवर्थ-लुईस नियम (डीएलएस) से 104 रन से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
बारिश के कारण मैच 18-18 ओवर का
सोमवार को बारिश की वजह से मैच देर से शुरू हुआ और इसे घटाकर 18-18 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 5 विकेट पर 197 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में पुरानी दिल्ली 6 को डीएलएस नियम से 15 ओवर में 174 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन पूरी टीम सिर्फ 69 रन पर ढेर हो गई।
धुल का अर्धशतक और राणा की तूफानी पारी
किंग्स की पारी में सलामी बल्लेबाज यश धुल ने बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए अर्धशतक जमाया। उन्होंने युगल सैनी (20 गेंद पर 28) के साथ मिलकर 57 रन की साझेदारी की।इसके बाद कप्तान सिद्धू (16 गेंद पर 28) और आदित्य भंडारी (11 गेंद पर 17) ने तेजी से रन जुटाए। पारी को असली रफ्तार आर्यन राणा की विस्फोटक बल्लेबाजी से मिली, जिन्होंने केवल 14 गेंदों पर नाबाद 42 रन ठोककर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
पुरानी दिल्ली 6 की गेंदबाजी और संघर्ष
पुरानी दिल्ली 6 के लिए गेंदबाजी में रजनीश दादर सबसे सफल रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 40 रन देकर तीन विकेट चटकाए। हालांकि बाकी गेंदबाज किंग्स के आक्रामक बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी पुरानी दिल्ली 6
लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। किंग्स के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा।
मनी ग्रेवाल और अरुण पुंडीर ने सलामी बल्लेबाज रुशाल सैनी (0) और समर्थ सेठ को सस्ते में पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान वंश बेदी ने 6 गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन उन्हें भी पुंडीर ने चलता किया।
बारिश के बाद भी नहीं बदली किस्मत
टीम का स्कोर 6 ओवर में तीन विकेट पर 44 रन था, तभी फिर से बारिश आ गई। डीएलएस नियम के तहत लक्ष्य को घटाकर 15 ओवर में 174 रन कर दिया गया। हालांकि बारिश के बाद भी पुरानी दिल्ली 6 की हालत नहीं सुधरी।सिमरजीत सिंह ने देव लकड़ा (6) और आदित्य मल्होत्रा (0) को आउट कर उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
सिद्धू और गेंदबाजों का जलवा
पुरानी दिल्ली 6 की ओर से केवल प्रणव पंत (17 गेंद पर 24 रन) ने कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन जैसे ही वह जॉन्टी सिद्धू की गेंद पर तेजास बरोका के हाथों कैच हुए, टीम की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई।सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए सिद्धू, सिमरजीत सिंह और अरुण पुंडीर ने दो-दो विकेट चटकाए।
पॉइंट्स टेबल की स्थिति
इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स के 9 मैचों में 13 अंक हो गए हैं और वह तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, पुरानी दिल्ली 6 इतने ही मैचों में केवल 5 अंक के साथ आखिरी पायदान पर है और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।
(भाषा)
