अहमदाबाद: आईपीएल में एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए रनों का अंबार लगाने वाले कीवी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे ने धमाकेदार अंदाज में वर्ल्ड कप डेब्यू किया है। डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए 36 गेंद में अपना अर्धशतक 8 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने शतक 83 जड़ दिया। इसके साथ ही कॉन्वे वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे रचिन रवींद्र ने महज 82 गेंद में शतक पूरा करके कॉन्वे का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया।
बने विश्व कप 2023 के पहले शतकवीर
बांए हाथ के 32 वर्षीय बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे आईसीसी विश्व कप 2023 के पहले शतकवीर बन गए हैं। करियर के 23वें वनडे की 22वीं पारी में कॉन्वे ने अपना पांचवा शतक पूरा किया। उन्होंने शतकीय पारी के दौरान 13 चौके और 2 छक्के जड़े।
दूसरे विकेट के लिए की 200 रन की साझेदारी
कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने दूसरे विकेट के लिए दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी 171 गेंद में पूरी की। इस साझेदारी में कॉन्वे ने 100 और रवींद्र ने 97 रन का योगदान दिया। यह विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों द्वारी की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। कॉन्वे रवींद्र की जोड़ी ने साल 1996 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ली जर्मन और क्रिस हैरिस के बीच हुई 168 रन की साझेदारी का 27 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
