क्रिकेट

IPL 2024 में पंत ही होंगे दिल्ली के कप्तान, कैपिटल्स ने लगा दी मुहर

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 19, 2024, 10:36 PM IST

Delhi Capitals Captain: दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार इस बात पर मुहर लगा दी कि आगामी सीजन में ऋषभ पंत ही टीम की कमान संभालेंगे। हाल ही में पंत को बीसीसीआई ने फिट घोषित किया था जिसके बाद फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई थी। पंत 23 मार्च को पंजाब के खिलाफ एक्शन में होंगे।

Image

ऋषभ पंत (साभार-DC)

Delhi Capitals Captain: आईपीएल 2024 के शुरू होने में कुछ दिन रह गए हैं। इससे पहले दिल्ली के फैंस को एक बड़ी खुशखबरी इस फ्रेंचाइजी ने दी है। दरअसलऋषभ पंत को मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी चरण के लिए दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान आधिकारिक रुप से नियुक्त कर दिया गया। दिसंबर 2022 में एक भयानक कार दुर्घटना का शिकार होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज पंत 14 महीने तक क्रिकेट से दूर रहे।

दिल्ली कैपिटल्स के अध्यक्ष और सह मालिक पार्थ जिंदल ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ हमें अपने कप्तान के रूप में ऋषभ का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। धैर्य और निडरता हमेशा उनके क्रिकेट में अहम रही है। हम नये जोश और उत्साह के साथ नये सत्र का इंतजार कर रहे हैं और मैं उन्हें एक बार फिर हमारी टीम को मैदान पर ले जाते हुए देखने का इंतजार नहीं कर सकता। ’’

इससे पहले बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने पंत को इस साल के आईपीएल में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलने के लिए मंजूरी दे दी थी। बोर्ड ने एक मेडिकल अपडेट में कहा, ‘‘उत्तराखंड के रूड़की के पास 30 दिसंबर 2022 को सड़क दुर्घटना के बाद 14 महीने की रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरने के बाद ऋषभ पंत को अब आगामी आईपीएल 2024 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में फिट घोषित किया गया है। ’’

23 मार्च को दिल्ली करेगी आगाज

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज 23 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह मुकाबला पंजाब के होम ग्राउंड महाराजा यादविंदर सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लापुर, चंडीगढ़ में खेला जाएगा। दिल्ली की टीम आज तक आईपीएल नहीं जीत पाई। टीम एक बार साल 2018 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!