क्रिकेट

Deepti Sharma Record: भारत की दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला एशिया कप का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 13, 2022, 07:48 PM IST

Deepti Sharma Record, Women's Asia Cup 2022: भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा ने एक नया इतिहास रच दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस प्रतिभाशाली ऑलराउंडर ने महिला एशिया कप के एक सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास रचा है। भारत ने फाइनल में भी जगह बना ली है।

Image

दीप्ति शर्मा ने बनाया नया रिकॉर्ड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय पूरी लय में नजर आ रही है। महिला एशिया कप 2022 के सेमीफाइनल मैच में गुरुवार को थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम को शिकस्त देते हुए अब भारत ने फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ-साथ भारतीय खिलाड़ी आए दिन नए कीर्तिमान भी स्थापित करने से पीछे नहीं हट रहीं। इनमें सबसे आगे नाम है भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का, जिन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना डाला है।

थाईलैंड के खिलाफ एशिया कप सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने शेफाली वर्मा की शानदार 42 रन और हरमनप्रीत कौर की 36 रनों की पारियों के दम पर 20 ओवर में 148 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी थाईलैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों के कहर का सामना करना पड़ा। थाईलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोते हुए सिर्फ 74 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया।

भारतीय गेंदबाजों के इस शानदार प्रदर्शन में एक बार फिर सबसे आगे रहीं स्पिनर दीप्ति शर्मा जिनकी फिरकी ने थाईलैंड की बल्लेबाजों को पिच पर पस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दीप्ति शर्मा ने अपने चार ओवरों में 7 रन देकर 3 विकेट झटके जिसके दम पर हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम जीत के साथ फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। फाइनल में अब उनका मुकाबला श्रीलंकाई टीम से होगा जिसने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 1 रन से मात दी।

दीप्ति शर्मा को ना सिर्फ अपने इस शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला, बल्कि उन्होंने एक खास रिकॉर्ड भी बना डाला। दीप्ति शर्मा ने अब तक मौजूदा महिला एशिया कप टूर्नामेंट में 13 विकेट हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक महिला एशिया कप संस्करण में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ डाला जो इससे पहले पाकिस्तान की सना मीर (12 विकेट) ने 2016 में बनाया था। तीसरे नंबर पर पाकिस्तान की निदा दार आती हैं जिन्होंने 2018 एशिया कप में 11 विकेट लिए थे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article