क्रिकेट

DC vs KKR Pitch Report: दिल्ली और कोलकाता के बीच आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2025, DC vs KKR Pitch Report In Hindi Today Match: आज (29 April 2025) आईपीएल के 18वें सीजन का 48वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगी दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें। इन दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दिल्ली में खेला जाएगा। दिल्ली की टीम अब तक 9 में से 6 मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है, लेकिन केकेआर को अपनी आगे की उम्मीदों को पंख देने के लिए अपना हर अगला मैच जीतना ही होगा। यहां हम जानेंगे दिल्ली-कोलकाता आज के मैच की पिच रिपोर्ट और इस मैदान के जरूरी आंकड़े।

DC vs KKR Pitch Report IPL 2025 Today Match

दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स पिच रिपोर्ट

मुख्य बातें

  • आईपीएल 2025 का आज 48वां मुकाबला
  • दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर
  • दिल्ली-कोलकाता मैच दिल्ली में आयोजित होगा

DC vs KKRPitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: आईपीएल 2025 में आज का मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (Delhi Capitals vs Kolkata Knight Riders) के बीच खेला जाना है। दोनों टीमों के बीच इस आईपीएल सीजन में ये पहला मुकाबला होगा। ये मैच दिल्ली (Delhi) में आयोजित होने जा रहा है। ये मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और मैच का टॉस 7:00 बजे होगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अब तक मौजूदा सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और 9 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं जबकि 3 मैच गंवाए हैं। वहीं डिफेंडिंग आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का प्रदर्शन लड़खड़ाता नजर आ रहा है। उन्होंने अब तक खेले अपने 9 मैचों में 3 मैच जीते हैं और 5 मैच गंवाए हैं, जबकि उनका पिछला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था और उन्हें एक अंक से संतोष करना पड़ा था। दिल्ली कैपिटल्स की अगुवाई ऑलराउंडर अक्षर पटेल (Axar Patel) कर रहे हैं। जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) हैं।

आज इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली और कोलकाता के मैच से पहले इन दोनों टीमों का अंक तालिका में हाल देख लेते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस समय अंक तालिका में 12 अंकों के साथ मजबूती से चौथे नंबर पर काबिज है। उसका नेट रन रेट 0.482 है। जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम कुल 7 अंक लेकर अंक तालिका में सातवें पायदान पर है और उसका नेट रन रेट 0.212 है। दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 33 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में 18 बार कोलकाता ने दिल्ली को शिकस्त दी है। जबकि 15 मैचों में दिल्ली ने बाजी मारी है। आज कोलकाता और दिल्ली के बीच होने वाला मुकाबला दिल्ली के होम ग्राउंड पर होने जा रहा है। दिल्ली के मैदान के आंकड़ों पर गौर करें तो इस ग्राउंड पर अब तक आईपीएल इतिहास में कोलकाता और दिल्ली कैपिटल्स के बीच 10 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें टक्कर कांटे की देखने को मिली है क्योंकि दोनों टीमों ने 5-5 मैच जीतने में सफलता हासिल की है।

दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स आज के मैच की पिच रिपोर्ट (DC vs KKR Pitch Report)

आईपीएल 2025 में आज का मुकाबला दिल्ली और कोलकाता की टीमों के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में होने जा रहा है। इस ग्राउंड पर अब तक आईपीएल के मौजूदा सीजन में तीन मैच हुए हैं और इन तीनों ही मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा साफ देखने को मिला है, हालांकि कुछ मैचों में गेंदबाज भी निर्णायक साबित हुए हैं। यहां इस आईपीएल के पहले मैच में मुंबई ने दिल्ली को 206 रनों का लक्ष्य दिया था वो भी सिर्फ 5 विकेट गंवाते हुए। जवाब में उतरी मेजबान दिल्ली की टीम सिर्फ 193 रनों पर ऑल-आउट हो गई। आपको बता दें कि इस सीजन में कम ही ऐसे मौके आए हैं जब कोई टीम ऑल-आउट हुई है और ये मैच उनमें से एक था। फिर दूसरे मैच में दिल्ली की टीम ने 5 विकेट खोकर 188 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने भी शानदार बैटिंग की और दिलचस्प रूप से इस सीजन का पहला मैच टाई हो गया। दिल्ली ने 4 विकेट पर 188 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद मैच का नतीजा सुपर ओवर से निकला जहां दिल्ली ने जीत हासिल कर ली। इसके बाद, दिल्ली के मैदान पर तीसरा मैच दिल्ली और बेंगलुरू के बीच हुआ जहां दिल्ली ने 8 विकेट खोकर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने 18.3 ओवर में सिर्फ 4 विकेट गंवाते हुए टारगेट हासिल कर लिया और 6 विकेट की जीत के साथ बेंगलुरू में उनसे मिली हार का हिसाब बराबर किया। इन तीनों ही मैचों में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों का दम दिखा, खासतौर पर तेज गेंदबाज ज्यादा सफल होते हुए नजर आए। अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक आईपीएल इतिहास में 92 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिनमें 44 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है, जबकि 47 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है।

दिल्ली के मैदान पर हुए पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 IPL Matches Scorecards And Results At Delhi)

मैच की तारीखदोनों टीमेंस्कोरकार्डमुकाबले का नतीजा
7 मई 2024दिल्ली-राजस्थानDC- 221/8, RR- 201/8DC 20 रनों से जीती
14 मई 2024दिल्ली-लखनऊDC- 208/4, LSG- 189/9DC 19 रनों से जीती
13 अप्रेल 2025दिल्ली-मुंबईMI- 205/5, DC- 193 ऑल-आउट (19 ओवर)MI 12 रनों से जीती
16 अप्रैल 2025दिल्ली- राजस्थानDC-188/5, RR- 188/4DC सुपर ओवर में विजयी
27 अप्रैल 2025बेंगलुरू-दिल्लीDC- 162/8, RCB- 165/4 (18.3 ओवर)RCB 6 विकेट से जीती

आज दिल्ली-कोलकाता मैच में इन खिला़ड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें (Players To Watch Out For In DC vs KKR IPL Match Today)

मेजबान दिल्ली कैपिटल्स और मेहमान कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आज होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में कई धुरंधर खिलाड़ियों से उम्मीदें रहने वाली हैं। दिल्ली की तरफ से केएल राहुल (KL Rahul), अभिषेक पोरेल (Abhishek Porel), ट्रिस्टन स्टब्स (Tristan Stubbs), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav), मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) और कप्तान अक्षर पटेल पर निगाहें होंगी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स से अंगकृष रघुवंशी (Angkrish Raghuvanshi), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), हर्षित राणा (Harshit Rana), कप्तान रहाणे और ऑलराउंडर आंद्रे रसेल (Andre Russell) पर फैंस की उम्मीदें टिकी होंगी।

दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की आईपीएल 2025 टीमें (Delhi Capitals And Kolkata Knight Riders IPL 2025 Full Squads)

दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल टीमः अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, करुण नायर, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मिशेल स्टार्क, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, मानवंत कुमार, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, फाफ डु प्लेसिस, मुकेश कुमार, दुष्मंता चमीरा, डोनोवन फरेरा और अजय मंडल।

कोलकाता नाइट राइडर्स की आईपीएल टीमः अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, क्विंटन डी कॉक, वेंकटेश अय्यर, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, हर्षित राणा, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडे, लवनिथ सिसौदिया, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, स्पेंसर जॉनसन, एनरिक नॉर्किया।

आज दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम (Delhi Weather Forecast Today)

आईपीएल में आज दिल्ली और कोलकाता टीमों के बीच मैच का आयोजन भारत की राजधानी दिल्ली में होने जा रहा है। यहां का मौसम पिछले कुछ दिनों से तेजी से गर्म होता जा रहा है, हालांकि शाम को थोड़ी राहत जरूर मिलती है। आज दिल्ली में दिन में तेज धूप रहेगी और गर्मी भी वैसी ही होगी। तेज तपिश के बीच हवाएं तो चलेंगी लेकिन इसमें भी गर्मी का अहसास साफ होगा। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है। उमस यहां कम रहने वाली है।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थी Author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article