David Warner to play ODI series: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कोहनी की चोट से उबरने के बाद भारत के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलिया टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। डेविड वॉर्नर ने भारत के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के शुरूआती दो टेस्ट में खेले थे। इस दौरान वह तीन पारियों में महज 26 रन ही बना सके। दिल्ली में खेले गए दूसरे मैच में कनकशन (सिर में चोट) के कारण वह दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर सके थे। वह अपनी कोहनी में हेयरलाइन फ्रैक्चर से उबरने के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए थे।
वापस आ रहे हैं वॉर्नर
टीम के कोच मैकडोनाल्ड ने कहा, ‘डेविड वॉर्नर वनडे सीरीज के लिए भारत वापस आ रहे हैं। वह अपनी चोट से उबर चुके हैं।’ उन्होंने कहा कि डेविड वॉर्नर भारत के खिलाफ जून में खेले जाने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फानइल के लिए उनकी टीम की योजना का हिस्सा है।
पूरी तरह से हमारी योजनाओं में हैं
मैकडोनाल्ड ने कहा,‘ डेविड वॉवार्नर फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए पूरी तरह से हमारी योजनाओं में हैं।’ डेविड वॉर्नर ने 103 टेस्ट में 45.57 की औसत से 8158 रन बनाए हैं, जबकि 141 वनडे में ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर 45.16 की औसत से 6007 रन बनाए हैं।’
ख्वाजा की चोट ज्यादा गंभीर नहीं
ऑस्ट्रेलिया टीम के कोच मैकडोनाल्ड ने यह भी पुष्टि की कि फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। ख्वाजा ने यहां ड्रॉ हुए चौथे टेस्ट में की पहली पारी में 180 रन बनाए थे। वह इसके बाद फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। मैकडोनाल्ड ने कहा, ‘ख्वाजा के स्कैन (जांच) का नतीजा काफी सकारात्मक है। इसलिए उन्हें विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप से पहले आराम करने लिए कुछ समय मिल गया है।’
