क्रिकेट

100 में 200: डेविड वॉर्नर ने अपने सौवें मैच में जड़ी डबल सेंचुरी, बना डाले कई खास रिकॉर्ड

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 27, 2022, 04:33 PM IST

David Warner double ton, AUS vs SA 2nd Test: मेलबर्न टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर डेविड वॉर्नर ने आखिरकार ऐतिहासिक पारी को अंजाम दिया है। वॉर्नर ने द.अफ्रीका के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा और वो 100वें मैच में ऐसा करने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं।

Image

डेविड वॉर्नर का दोहरा शतक (AP)

AUS vs SA 2nd Test, Melbourne: ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के अनुभवी ओपनर डेविड वॉर्नर (David Warner) ने ऐतिहासिक पारी को अंजाम दे दिया। वॉर्नर ने जबरदस्त दोहरा शतक (Double Century) जड़ा और उन्होंने ये कमाल अपने 100वें टेस्ट मैच में किया। जिसके साथ ही वो ऐसा करने ऑस्ट्रेलिया के दूसरे और दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए हैं।

डेविड वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन मंगलवार को यहां रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 200 रन बनाए। यह उनका टेस्ट क्रिकेट में जनवरी 2020 के बाद पहला शतक है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 100 टेस्ट मैच खेलने वाले 14वें क्रिकेटर बने वॉर्नर से पहले पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बने थे। पोंटिंग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जनवरी 2006 में सिडनी में यह उपलब्धि हासिल की थी। पोंटिंग ने तब दोनों पारियों में शतक (120 और नाबाद 143 रन) बनाए थे। यह कारनामा करने वाले वह दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं।

वॉर्नर ने अपने 100वें टेस्ट मैच में दोहरा शतक बनाया। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के दूसरे खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट (218) ने फरवरी 2021 में भारत के खिलाफ चेन्नई में यह कारनामा किया था।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 100 मैच कॉलिन कॉउड्रे ने खेले थे और उन्होंने इसमें इसमें शतक भी जड़ा था। उनके बाद जावेद मियांदाद, गार्डन ग्रीनिज, एलेक स्टीवर्ट, इंजमाम उल हक, पोंटिंग, ग्रीम स्मिथ, हाशिम अमला, रूट और वॉर्नर ने अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक जड़ने का कारनामा किया।

8 हजारी बने और 17 हजारी भी

डेविड वॉर्नर ने 81वां रन पूरा करते ही टेस्ट क्रिकेट में 8000 रन भी पूरे किए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह ऑस्ट्रेलिया के आठवें बल्लेबाज हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 17000 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया है। वो ये आंकड़ा पार करने वाले ऑस्ट्रेलिया के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article