नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद को गुरुवार को एक और झटका लगा जब इंग्लैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डेविड पेन टखने की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बचे हुए सत्र से बाहर हो गए। पेन (35 वर्ष) सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पहले दो मैच में खेले थे और उन्होंने दो विकेट झटके थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'डेविड पेन टखने की चोट के कारण बचे हुए टाटा आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं।'
चोट के चक्रव्यूह में फंसी हैदराबाद
2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद अभी दो जीत और तीन हार के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। टीम इस सत्र में खिलाड़ियों की चोटों से प्रभावित हुई है। इंग्लैंड के एक और क्रिकेटर ब्रायडन कार्स सत्र की शुरुआत में हाथ में लगी चोट के कारण बाहर हो गए थे जिससे टीम ने उनकी जगह श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को शामिल किया था। नियमित कप्तान पैट कमिंस 'स्ट्रेस' चोट की वजह से अभी तक इस सत्र में नहीं खेल पाए हैं। अब हालांकि वह ठीक हो गए हैं और उनके इस महीने के अंत में मैदान पर लौटने की उम्मीद है।
टीम से जल्दी जुड़ेंंगे पैट कमिंस
चोट की वजह से आईपीएल 2026 में अबतक नहीं खेल पाने वाले ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान टिम पेन को लेकर अच्छी खबर आई है कि वो टीम के साथ जल्दी जुड़ सकते हैं। 17 अप्रैल को वो ऑस्ट्रेलिया से भारत रवाना होंगे। इसके बाद भारत पहुंचकर हैदराबाद के लिए मैदान पर उतर सकते हैं। संभावना है कि कमिंस 25 अप्रैल को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में हैदराबाद की जर्सी पहनकर मैदान पर उतर सकते हैं। कमिंस की वापसी के बाद ही हैदराबाद की गेंदबाजी मजबूत हो सकती है जो फिलहाल टीम की सबके कमजोर कड़ी नजर आ रही है।
