सिडनी: दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड का मुकाबला खेला गया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा ने टॉस के समय अपने फैंस को एक निराश कर देने वाली खबर सुनाई। बावुमा ने बताया कि मिडिल ऑर्डर के प्रमुख बल्लेबाज डेविड मिलर चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। प्रोटियाज कप्तान ने बताया कि मिलर की जगह हेनरिच क्लासेन ने ली है।
डेविड मिलर ने रविवार को भारत के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेली थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 46 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 59 रन बनाए थे। किलर मिलर के नाम से मशहूर डेविड मिलर ने भारत के खिलाफ एडेन मार्करम के साथ चौथे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की थी, जिसके दम पर दक्षिण अफ्रीका मैच में वापसी कर सका था। पाकिस्तान के खिलाफ डेविड मिलर के नहीं खेलने से दक्षिण अफ्रीका को तगड़ा झटका लगा।
जानकारी मिली है कि डेविड मिलर पीठ दर्द की समस्या के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं ले सके। उनको रिप्लेस करने वाले हेनरिच क्लासेन कोई कमाल नहीं कर सके और 9 गेंदों में तीन चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए थे। डेविड मिलर और केशव महाराज की जगह हेनरिच क्लासेन और तबरेज शम्सी को शामिल किया गया था।
बहरहाल, मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस पद्यति के आधार पर 33 रन से मात दी। सिडनी में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 185/8 का स्कोर बनाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका को 14 ओवर में 142 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। प्रोटियाज टीम 14 ओवर में 9 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका को उम्मीद होगी कि डेविड मिलर की सेवाएं जल्द ही मिलें।
