क्रिकेट

ड्रेसिंग रूम में ऐसा बच्चा नहीं देखा, एक और दिग्गज बना वैभव सूर्यवंशी का जबरा फैन

पैट कमिंस के बाद अब एक और विदेशी टीम के कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की। श्रीलंका के कप्तान शनाका ने बताया कि उन्होंने आज तक उनके जैसा बच्चा ड्रेसिंग रूम में नहीं देखा। सूर्यवंशी इस सीजन सबसे तेज बैटिंग करने वाले बल्लेबाज हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी के शांत स्वभाव और संयम को देखकर वह बहुत प्रभावित हुए हैं और उन्होंने ड्रेसिंग रूम में उनके जैसा ’बच्चा’ पहले कभी नहीं देखा। शनाका राजस्थान रॉयल्स में अपने साथी खिलाड़ी के तौर पर सूर्यवंशी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को बहुत करीब से देख रहे हैं। 15 साल के इस खिलाड़ी ने छक्के मारने की अपनी खास काबिलियत से पूरी क्रिकेट दुनिया को हैरान कर दिया है। बिहार का बाएं हाथ का यह बल्लेबाज मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पिछले मैच में सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गया था लेकिन उससे पहले वाले मैच में उन्होंने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 93 रन की जबरदस्त पारी खेली थी।

जब शनाका से पूछा गया कि सूर्यवंशी खेल के उतार-चढ़ावों को कैसे संभालते हैं तो उन्होंने कहा कि उनका शांत रवैया सबसे अलग है। शनाका ने बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल एलिमिनेटर मैच से पहले कहा, ’’वह बहुत ही पेशेवर खिलाड़ी है। बात सिर्फ नाकाम होने या रन बनाने की नहीं है, बल्कि वह अभ्यास के दौरान क्या करता है और ड्रेसिंग रूम में उसका व्यवहार कैसा रहता है, यह अधिक मायने रखता है। वह कितना शांत रहता है। मैंने ड्रेसिंग रूम में किसी बच्चे को इस तरह का व्यवहार करते हुए पहले कभी नहीं देखा।’’

श्रीलंका के इस अनुभवी ऑलराउंडर ने कहा, ’’यहां तक कि सीनियर खिलाड़ी भी (नए खिलाड़ियों पर) काफी दबाव डालते हैं लेकिन यह लड़का बहुत शांत रहता है। मुझे उसका चीजों को संभालने का तरीका बहुत पसंद है, चाहे वह नाकाम हो या रन बनाए। मुझे उसमें बहुत काबिलियत नजर आती है। उसमें बहुत सारी अच्छी बातें हैं।’’ शनाका ने बताया कि कप्तान रियान पराग और रविंद्र जडेजा दोनों ही चोटों से जूझ रहे थे लेकिन नॉकआउट मैच के लिए वे उपलब्ध हो सकते हैं।

उन्होंने कहा, ’’उन्हें कुछ हल्की-फुल्की चोटें थीं लेकिन वे ठीक हो जाएंगे। उम्मीद है कि वे खेलने के लिए फिट हो जाएंगे।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article