क्रिकेट

विंडीज क्रिकेट बोर्ड ने उठाया बड़ा कदम, दो बार के टी20 विश्व चैंपियन कप्तान को बनाया टीम का हेड कोच

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 12, 2023, 11:10 PM IST

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला करते हुए दो बार वेस्टइंडीज को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले डैरन सैमी को वनडे और टी20 टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। वहीं टेस्ट टीम के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी आंद्रे कोली को दी गई है।

Image

डैरेन सैमी(साभार Windies Cricket Board)

जमैका: भारत की मेजबानी में इस साल अक्टूबर-नवंबर में आयोजित होने वाले वनडे विश्व कप 2023 के लिए सीधे क्वालीफिकेशन नहीं हासिल करने के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा निर्णय किया है। विंडीज क्रिकेट बोर्ड ने सभी मतभेदों को दरकिनार करते हुए विंडीज को दो बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले पूर्व कप्तान डैरन सैमी को वनडे और टी20 फॉर्मेट का नया हेड कोच नियुक्त किया है। वहीं टेस्ट फॉर्मेट की जिम्मेदारी आंद्रे कोली के कंधों पर सौंपी गई है।

पारदर्शी तरीके से हुआ है हेड कोच का चयन

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के नए हेड कोच का चुनाव बेहद पारदर्शी तरीके से इंटरव्यू के बाद किया गया है। सैमी और कोली की नियुक्ति की आधिकारिक तौर पर घोषणा 11 मई को की गई। बतौर हेड कोच सैमी के सामने पहली परीक्षा जून में शारजाह में यूएई के खिलाफ होगी। इसके बाद टीम को जिंबाब्वे में आईसीसी मेंस वर्ल्ड कप 2023 के क्वालीफायर्स में शिरकत करनी है।

कोली के कंधों पर टेस्ट टीम की जिम्मेदारी

सैमी वेस्टइंडीज के तीनों फॉर्मेट के कप्तान रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के ऐलान के बाद सैमी पाकिस्तान सुपर लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग में बतौर कोच जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं कोली जमैका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं। वो वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड में हर स्तर पर कोच रह चुके हैं। वो इस साल जिंबाब्वे और दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई कैरेबियाई टीम के अंतरिम हेड कोच थे। टेस्ट टीम के हेड कोच नियुक्त होने से पहले वो वेस्टइंडीज अकादमी के हेड कोच के रूप में कार्यरत थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article