Darren Bravo steps away: वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज डैरेन ब्रावो ने इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर में होने वाली सीरीज के लिए नजरअंदाज किए जाने के बाद क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। वे फेमस क्रिकेटर ड्वेन ब्रॉवो के भाई हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन फिर भी उन्हें मौका नहीं दिया गया।
ब्रावो लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय सर्किट में हैं और उन्होंने हाल ही में सुपर 50 कम में धमाल मचाया था। उन्होंने 82.3 की सनसनीखेज औसत से 416 रन बनाए थे। इन आंकड़ों के बावजूद उन्हें इंग्लैंड की व्हाइट बॉल टीम में जगह नहीं मिली जिसके बाद वे निराश हो गए।
सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
डैरेन ब्रावो ने इंस्टाग्राम पर अपनी निराशा व्यक्त की और बताया कि वह कितना खराब महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से ब्रेक लेंगे क्योंकि अपमान के बाद उनकी कवर ड्राइव पर असर पड़ा है। उन्होंने लिखा कि मैंने इसे सोचने के लिए काफी समय लिया है और सोचा है कि एक क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़ने के लिए मेरा अगला कदम क्या है। इस समय पर मेरे लिए यह आसान नहीं कि मैं उसी ऊर्जा, जुनून, प्रतिबद्धता और अनुशासन के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट खेलूं। इस समय तीनों फॉर्मेट्स में अलग अलग खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जिनकी संख्या करीब 40 से 45 के बीच है। रन बनाने के बावजूद भी मैं किसी टीम का हिस्सा नहीं हूं। मैंने हार नहीं मानी है, बस मैंने इससे दूरी बनाने फैसला किया है।'
