Ind vs Aus: बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में अब तक हुए तीनों मैच में पिच बॉलर फ्रेंडलीरही है। यही कारण है कि पहले नागपुर और फिर दिल्ली और इंदौर टेस्ट भी महज 3 दिन के अंदर खत्म हो गया। फिलहाल टीम इंडिया इस सीरीज में 2-1 से आगे है और उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में आखिरी टेस्ट जीतना होगा। इसलिए इस टेस्ट से पहले पिच को लेकर खूब चर्चा हो रही है कि क्या इसे अब तक हुए मैचों की तरह स्पिन फ्रेंडलीरखा जाएगा या फिर इसमें कुछ तब्दिली की जाएगी।
हालांकि, सुनील गावस्कर ने भी इस पिच को लेकर टीम इंडिया को सलाह दी है कि पिच को बैलेंस रखा जाए, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों की अच्छी लड़ाई देखने को मिले। शुरुआत में नई गेंद से बल्लेबाजों को मदद मिले और तीसरे और चौथे दिन गेंदबाजों के लिए मदद हो।
स्पिन फ्रेंडली ट्रैक पर ऑस्ट्रेलिया की राय
ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिन गेंदबाज डेनियल विटोरी का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया को स्पिन फ्रेंडली ट्रैक से फर्क नहीं पड़ता है।
विटोरी ने कहा 'मुझे पिच से फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि मुझे लगता है कि यह सबके लिए है। इतना ही नहीं मेरा मानना यह भी है कि टॉस की भूमिका उतनी अहम नहीं होती है। आपको पता होता है कि इस तरह की पिच को लेकर आप कैसी तैयारी के साथ उतरेंगे। ऐसी पिच पर स्किल्स मायने रखती है। उन्होंने आगे कहा 'दोनों टीमों में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस प्रक्रिया को जानते हैं और वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
इंदौर में लॉयन ने झटके थे 11 विकेट
अपनी स्पिन गेंदबाजी के दम पर नागपुर और दिल्ली टेस्ट को आसानी से जीतने वाली टीम इंडिया को अपनी ही कड़वी दवाई इंदौर में चखनी पड़ी, जब नाथन लॉयन ने 20 में से 11 विकेट लेकर टीम इंडिया को मुकाबले से बाहर कर दिया। लॉयन के अलावा उस मैच में मैथ्यू कुह्लमेन ने कुल 6 और टॉड मर्फी ने 1 विकेट झटके थे। तीसरा टेस्ट 9-14 मार्च के बीच खेला जाएगा।
