क्रिकेट

CSK vs GT Pitch Report: चेन्नई और गुजरात के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2024, CSK vs GT Pitch Report Today Match: आईपीएल 2024 में आज बड़ी भिड़ंत होने वाली है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच खेला जाएगा और आमने-सामने होंगी 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और एक बार की चैंपियन गुजरात टाइटंस की टीमें। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ की रेस में स्थिति मजबूत करने की नजर से ये मुकाबला बहुत अहम है। यहां हम जानेंगे चेन्नई-गुजरात मैच की पिच रिपोर्ट, क्या कहता है इस मैदान पर इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड और इस मैदान के सभी दिलचस्प आंकड़े।

Image

चेन्नई-गुजरात मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2024 में खेला जाएगा महामुकाबला
  • चेन्नई सुपर किंग्स की चुनौती गुजरात टाइटंस के सामने
  • अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा मैच

IPL 2024, CSK vs GT Pitch Report Today Match: टी20 क्रिकेट लीग इतिहास की सबसे लोकप्रिय और सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) आज एक बार फिर आईपीएल 2024 मैच में मैदान पर होगी। इस बार उसका मुकाबला है गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) से जिसको उसने पिछले आईपीएल फाइनल में शिकस्त दी थी। लेकिन तब से चीजें काफी बदल चुकी हैं क्योंकि दोनों टीमों के कप्तान बदल चुके हैं और साथ ही मौजूदा सीजन के पहले चरण के मुकाबले में चेन्नई की टीम ने गुजरात को 63 रन से अपने घर में मात दी थी। अब आज का मुकाबला गुजरात के गढ़ यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में शाम 7.30 बजे से होने जा रहा है, जहां एक बार फिर से पूर्व कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) के नाम की गूंज सुनाई देगी।

आईपीएल के मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम कई उतार-चढ़ाव से गुजरी है और अंक तालिका में चौथे नंबर पर होने के बावजूद प्लेऑफ में जाने का उसका रास्ता पेचीदा बना हुआ है। ऐसे में आज का मैच उसके लिए किसी भी हाल में जीतने वाला होगा। इस मुकाबले से पहले आपको बता देते हैं कि आईपीएल इतिहास में चेन्नई और गुजरात के आमने-सामने के आंकड़े क्या कहते हैं। अब तक दोनों टीमों के बीच 6 आईपीएल मैच हुए हैं जिसमें मामला बराबरी का रहा है। दोनों ने 3-3 मुकाबले जीते हैं। अगर स्टार खिलाड़ियों की बात करें तो आज के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स फैंस की नजरें धोनी के अलावा उनके कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad), पेसर तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande), ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) और रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) पर टिकी होंगी। जबकि गुजरात टाइटंस की तरफ से कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill), धुरंधर बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller), युवा भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन (Sai Sudharsan), तेज गेंदबाज मोहित शर्मा (Mohit Sharma) और अफगानी स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) से उम्मीदें होंगी।

चेन्नई-गुजरात मैच पिच रिपोर्ट (CSK vs GT Pitch Report Today Match)

चेन्नई सुपर किंग्स और मेजबान टीम गुजरात टाइटंस के बीच आज होने वाला आईपीएल मैच अहमदाबाद स्थित विश्व के सबसे विशाल क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस मैदान की पिच पर ज्यादातर बल्लेबाजों का ही दबदबा रहा है और आज भी रनों का अंबार लगते देखा जा सकता है। इसके अलावा एक पहलू ये भी है कि जो 5 मुकाबले इस सीजन में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए हैं उनमें शुरुआती तीन मैचों में तो बल्लेबाज खूब गरजे लेकिन पिछले दो मैचों की कहानी गजब ही है। एक मैच में दिल्ली की टीम ने गुजरात टाइटंस को 89 रन पर समेटते हुए आसानी से 8.5 ओवर में जीत हासिल की और गेंदबाजों का खूब जलवा देखने को मिला। जबकि पिछले मैच में जब गुजरात-बैंगलोर मैच हुआ तो अचानक से फिर रनों में ऐसी रफ्तार आई कि गुजरात ने 201 रनों का लक्ष्य दिया, जो बैंगलोर की टीम ने रिकॉर्डतोड़ अंदाज में सिर्फ एक विकेट खोते हुए महज 16 ओवर में हासिल कर लिया। ऐसे में मान कर चलिए कि यहां बल्लेबाज रन वर्षा करेंगे लेकिन गेंदबाज भी समय-समय पर अपनी प्रतिभा दिखाने से नहीं चूकने वाले।

इस मैदान पर चेन्नई और गुजरात के आंकड़े (CSK and GT Stats At Ahmedabad)

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम वही मैदान है जहां पिछले आईपीएल सीजन फाइनल में गुजरात टाइटंस को चेन्नई सुपर किंग्स ने मात देते हुए अपना पांचवां खिताब जीता था। उसके बाद से अब जाकर ये दोनों टीमें आज इस ग्राउंड पर आमने-सामने आने वाली हैं। आंकड़ों की बात करें तो अब तक अहमदाबाद में चेन्नई और गुजरात के बीच दो मुकाबले खेले गए हैं। ये दोनों मैच पिछले सीजन में हुए थे जिनमें एक मैच सीजन का पहला मैच था जिसमें गुजरात जीती थी, जबकि दूसरा मैच फाइनल था जहां चेन्नई को जीत हासिल हुई थी। इस ग्राउंड पर इनकी आखिरी टक्कर पिछला फाइनल ही थी जिसमें गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट गंवाते हुए 214 रन बना दिए थे। फिर बारिश के कारण लक्ष्य कम हुआ और मैच 15 ओवर का हो गया। मैच आखिरी गेंद तक गया जहां चेन्नई को चौके की जरूरत थी और रवींद्र जडेजा ने ये काम पूरा करते हुए रोमांचक अंदाज में सीएसके को उसका पांचवां खिताब दिला दिया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article