MS Dhoni: चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने सोमवार को कहा कि महेंद्र सिंह धोनी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मैच के लिए टीम के साथ नहीं आए हैं, लेकिन उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। धोनी पिंडली की चोट के कारण इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। सीजन का आधे से ज्यादा हिस्सा गुजर चुका है और सीएसके अब अपना 10वां मुकाबला खेलने जा रही है। टीम का प्रदर्शन अभी तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद हर सीजन की तरह इस बार भी 44 साल के इस दिग्गज खिलाड़ी के भविष्य को लेकर चर्चा चल रही है। मंगलवार को मैच से पहले सिमंस मीडिया से बात करने आए, तो उनसे सबसे पहला सवाल धोनी को लेकर ही पूछा गया। धोनी पिछले कुछ दिनों से नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं।
CSK के गेंदबाजी कोच से धोनी को लेकर पूछा गया सवाल
सिमंस ने कहा, “धोनी की स्थिति पर अंतिम जानकारी देना मेरे अधिकार में नहीं है। वह अभी टीम के साथ दिल्ली में नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। वह कब मैदान पर उतरेंगे, इसका फैसला वही बेहतर कर सकते हैं।” गेंदबाजों के प्रदर्शन की बात करते हुए सिमंस ने अंशुल कंबोज की जमकर तारीफ की। कंबोज ने हर फेज में शानदार गेंदबाजी की है और 17 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। सिमंस ने कहा, “अंशुल का प्रदर्शन शानदार रहा है। यह सिर्फ इस सीजन का नतीजा नहीं है, बल्कि उसने पिछले साल से ही मेहनत शुरू कर दी थी। उसने घरेलू क्रिकेट में अपने एंगल और यॉर्कर पर काफी काम किया है।” उन्होंने आगे कहा, “उसने राउंड द विकेट गेंदबाजी को बहुत प्रभावी बनाया है। वह विकेट लेने के साथ रन रोकने में भी सफल रहा है।”
'धोनी की स्थिति पर जानकारी देने अधिकार क्षेत्र में नहीं'
सिमंस ने कंबोज की प्रोफेशनल सोच की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “वह अपनी रणनीति और फील्ड सेटिंग को लेकर पूरी तरह साफ रहता है, जो आज के क्रिकेट में बहुत जरूरी है।” नौ मैचों में चार जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अब बचे हुए पांच मैचों में करो या मरो की स्थिति में पहुंच गई है।
पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को हराने के बाद सिमंस को भरोसा है कि टीम प्लेऑफ में जगह बना सकती है। उन्होंने कहा, “अभी टॉप-4 टीमों और बाकी टीमों के बीच थोड़ा अंतर जरूर है, लेकिन हमारी किस्मत अभी भी हमारे हाथ में है। हमें पता है कि हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं। अगर हम अपनी पूरी क्षमता से खेलें, तो हमें रोकना मुश्किल होगा।”
