क्रिकेट

IPL 2026: अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे कुलदीप यादव, खलील की जगह हुए शामिल

IPL 2026: बीच आईपीएल में दो खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। आरसीबी में ग्लीसन की एंट्री हुई है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने भी खलील अहमद का रिप्लेसमेंट ढूंढ लिया। खलील और तुषारा दोनों ही चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।​

Image

कुलदीप यादव (साभार-X)

IPL 2026: आईपीएल 2026 में कुलदीप यादव की सीएसके में एंट्री हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शुक्रवार को दिल्ली के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को खलील अहमद की जगह टीम में शामिल किया जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नुवान तुषारा की जगह इंग्लैंड के रिचर्ड ग्लीसन को टीम में लिया। खलील और तुषारा दोनों ही चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

आईपीएल ने एक बयान में बताया कि तेज गेंदबाज कुलदीप 30 लाख रुपये में सीएसके से जुड़ेंगे जबकि ग्लीसन 1.6 करोड़ रुपये में आरसीबी से जुड़ेंगे। कुलदीप ने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था, हालांकि, उन्हें केवल एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था। 2 ओवर की गेंदबाजी में वो विकेटलेस गए थे। साल 2023 में कुलदीप ने इस टीम के लिए 2 मुकाबले खेले। इस सीजन उन्होंने 2 मैच में 68 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। इस तरह उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए कुल तीन मैच खेले।

दूसरी तरफ ग्लीसन ने इंग्लैंड के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने नौ विकेट लिए हैं। उन्होंने लीग के 2024 और 2025 सीजन में सीएसके और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सीएसके के लिए दो मैच और मुंबई इंडियंस के लिए एक मैच खेला। 3 मैच में उनके नाम 2 आईपीएल विकेट है। उन्होंने 2024 में 2 और 2025 में एक मुकाबला खेला था।

आईपीएल 2026 में दोनों टीमों की स्थिति

आईपीएल 2026 में दोनों टीमों की मौजूदा स्थिति की बात करें तो आरसीबी 16 अंकों के साथ टॉप पर है और प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है। उसके पास बाकी बचे दो मैच जीतकर टॉप-2 में फिनिश करने का मौका है। वहीं दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article